108, एम्बुलेंस कर्मियों की हड़ताल


वाराणसी (काशीवार्ता)। वेतन विसंगति, ठेका प्रथा समाप्त करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर आज कबीर चौरा स्थित महिला अस्पताल गेट पर एम्बुलेंस सेवा जीवन दायनी 108 व 102 (एएलएस) के कर्मचारियों ने आंदोलन शुरू किया। आंदोलित कर्मचारियों ने दो दिन बाद अनिश्चित कालीन कार्य बहिष्कार करने की चेतावनी दी। हालांकि एम्बुलेंस चलते रहने का दावा रहा लेकिन शुरूआती घण्टो में एम्बुलेंस सेवा पर आंदोलन का सीधा असर पड़ा। गम्भीर रूप से पीड़ित तमाम मरीज परेशान भी हुए। कर्मचारियों का कहना था कि ठेका प्रथा के चलते एम्बुलेंस कर्मचारियों का लगातार शोषण किया जा रहा है।

लगातार अधिक कार्य के बावजूद उन्हें कम वेतन मिलता है। 23 सितम्बर 2019 को कम्पनी डायरेक्टर व लखनऊ श्रमायुक्त के साथ हमारे यूनियन की बैठक हुई थी। 25 सितम्बर से बढ़े वेतन के साथ भुगतान देने पर सहमति बनी थी। बावजूद इसके उसका आज तक पालन नहीं हुआ। फिलहाल वे दो दिन सांकेतिक आंदोलन करेंगे 28 की अर्ध रात्रि से अनिश्चित कालीन हड़ताल शुरू होगी। इस दौरान संगठन के महामंत्री श्याम सिंह यादव, सन्दीप यादव, सुनील शुक्ला, कमलेश सिंह, अजित यादव मौजूद रहे।