बाबा कीनाराम एवं अघोरेश्वर भगवान राम की जयंती पर होंगे विविध कार्यक्रम


वाराणसी(काशीवार्ता)। अघोर पीठ, श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान देवस्थानम अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम, पड़ाव में कल सितम्बर को अघोराचार्य बाबा कीनाराम का जन्म षष्ठी पर्व तथा अगले दिन 3 सितंबर को परमपूज्य अघोरेश्वर भगवान राम का 86वां जयंती पर्व, बाबा भगवान राम ट्रस्ट, श्री सर्वेश्वरी समूह तथा अघोर परिषद् ट्रस्ट के अध्यक्ष औघड़ गुरुपद संभव राम के सान्निध्य में श्रद्धा एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया जायेगा। इस दो दिवसीय कार्यक्रम का शुभारम्भ आश्रम परिसर की साफ-सफाई व श्रमदान से होगा। 2 को प्रात: 8 बजे से बाबा कीनाराम की प्रतिमा का पूजन पूज्य बाबा द्वारा किया जायेगा। सफलयोनि पाठ के पश्चात पूज्य बाबा द्वारा देवी मन्दिर पर हवन करके अघोरान्ना परो मन्त्र: नास्ति तत्वं गुरो: परम् के अखंड संकीर्तन का शुभारम्भ मन्दिर की पांच-परिक्रमा के साथ किया जायेगा। 3 को प्रात:कालीन साफ-सफाई के साथ ही 5:30 बजे पड़ाव आश्रम से अघोरेश्वर महाविभूति स्थल, अघोरेश्वर भगवान राम घाट, गंगा तट तक श्रद्धालुओं द्वारा प्रभातफेरी निकाली जाएगी। इसके बाद 8 बजे से पूज्य बाबा द्वारा आश्रम परिसर के गणेश पीठ प्रांगण में स्थित अघोरेश्वर महाप्रभु के आसन का विधिवत पूजन होगा। इसके बाद सफलयोनि पाठ के उपरांत श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया जायेगा। अपराह्न 3:30 बजे अखंड संकीर्तन का समापन होगा। सायंकाल 5 बजे से पारिवारिक विचार-गोष्ठी का आयोजन पूज्यपाद बाबा की उपस्थिति में होगा। रात्रि में भक्तों द्वारा भजन-कीर्तन भी किया जायेगा।