भदोही में 1388045 पौधों के रोपण का लक्ष्य


भदोही।वन विभाग एवं जनपद के अन्य विभागों द्वारा वर्षा काल 2022-23 में कराए जाने वाले पौधरोपण की तैयारियों के दृष्टिगत जिलाधिकारी आर्यका अखौरी व मुख्य विकास अधिकारी भानु प्रताप सिंह ने प्रभागीय वनाधिकारी नीरज आर्य के साथ वन विभाग की पौधशाला का निरीक्षण किया। शासन द्वारा भदोही जनपद को 1365845 पौधरोपण का लक्ष्य आवंटित किया गया है, इसके अतिरिक्त अन्य विभागों के सहयोग से 22200 पौधों का रोपण किया जा रहा है। इस प्रकार जनपद में कुल 1388045 पौधों का रोपण किया जाएगा। जिलाधिकारी ने वृक्षारोपण कार्य हेतु सभी विभागों को निर्देशित किया कि 5, 6, 7 एवं 15 अगस्त को निर्धारित तिथि को आवंटित पौधरोपण कराकर सूचना प्रभागीय वन अधिकारी को उपलब्ध करायें। पौधरोपण हेतु वन विभाग की पौधशालाओं से पौधों की आपूर्ति की जाएगी। वन विभाग द्वारा पौधों के उठान हेतु विभागवार इंडेट जारी किया गया है। इंडेंट में पौध उठान हेतु तिथि अंकित है।
समस्याओं का निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता- डीएम
जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण एवं कार्यवाही के दृष्टिगत सम्पूर्ण समाधान दिवस जनपद के सभी तहसीलों में आयोजित किया गया। ज्ञानपुर तहसील में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी,पुलिस अधीक्षक डॉ.अनिल कुमार, मुख्य विकास अधिकारी भानु प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी योगेन्द्र कुमार, तहसीलदार विजय कुमार व अन्य अधिकारियों द्वारा सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपस्थित होकर फरियादियों की समस्याओं को सुना गया। अधिकारियों को विभिन्न विभागों से सम्बन्धित तहसील ज्ञानपुर में कुल 81फरियादियों द्वारा अपनी समस्याओं से अवगत कराया गया, जिसमें जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा 3 प्रार्थना पत्रों को मौके पर ही निस्तारित करते हुये शेष 78 प्रार्थना पत्रों को सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के अन्दर गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की बातों को ध्यान से सुने तथा शिकायत के निस्तारण हेतु मौके पर जाकर जॉच करते समय शिकायतकर्ता अथवा वहॉ पर उपस्थित व्यक्तियों के हस्ताक्षर अवश्य करायें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि राजस्व संबंधी विवादों में राजस्वकर्मी एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा जाकर स्थलीय मुआयना करते हुए निस्तारण करना चाहिए।
जन सूचना अधिकार अधिनियम के अन्तर्गत सभी विभाग के नोडल अधिकारियों को निर्देश दिया कि सप्ताह मे एक बार जन सूचना शिकायत का निस्तारण अवश्य करें। इसी क्रम में भदोही तहसील में अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती, उप जिलाधिकारी चंद्र शेखर, द्वारा कुल 88 प्रार्थना पत्रो में 11 का निस्तारण, तहसील औराई में उप जिलाधिकारी लाल बाबु दुबे द्वारा कुल 62 प्रार्थना में से 3 का निस्तारण किया गया।