भदोही : जनता की समस्याओं का तहसील पर हो गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध समाधान-मण्डलायुक्त


भदोही। शासन के मंशानुरूप जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण एवं कार्यवाही के दृष्टिगत सम्पूर्ण समाधान दिवस जनपद के सभी तहसील में आयोजित किया गया। तहसील भदोही में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी, प्रभागीय वनाधिकारी श्री नीरज कुमार आर्य, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष कुमार चक, उप जिलाधिकारी चन्द्रशेखर, पुलिस उपाधीक्षक भदोही एवं अन्य अधिकारियो द्वारा सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपस्थित होकर फरियादियों की समस्याओ को सुना गया।
तहसील औराई में विन्ध्याचल मण्डलायुक्त योगेश्वर राम मिश्र ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की शिकायतों का गम्भीरता से सुनते हुए गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने उपस्थित सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरियें इसके लिए उनकी शिकायतों, समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए मौके पर जाकर स्थलीय सत्यापन कर गुणवत्तापरक निस्तारण करना सुनिश्चित करें। प्रदेश सरकार की मंशानुरूप जनता जनार्दन को अपने तहसील स्तर पर ही उनकी शिकायतों का निस्तारण करना सुनिश्चित किया जाएं। उपस्थित अधिकारियों के समक्ष विभिन्न विभागो से सम्बन्धित तहसील भदोही में कुल 130 फरियादियों द्वारा अपनी समस्याओ से अवगत कराया गया जिसमें से जिलाधिकारी द्वारा 15 प्रार्थना पत्रो को मौके पर ही निस्तारित करते हुये शेष 115 प्रार्थना पत्रो को सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के अन्दर गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने का निर्देश दिया गया। जनता जनार्दन की शिकायतों को सुनते हुए जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रतिदिन जनता दर्शन में आये लोगों की शिकायतों को गम्भीरता से सुना जाए तथा स्थलीय निरीक्षण करके समस्या का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इसी क्रम में ज्ञानपुर तहसील में उप जिलाधिकारी योगेन्द्र कुमार, एवं तहसीलदार विजय कुमार द्वारा कुल 60 प्रार्थना पत्रो में 4 का निस्तारण, तहसील औराई में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) शैलेन्द्र कुमार मिश्र, उप जिलाधिकारी लालबाबू दुबे द्वारा कुल 59 प्रार्थना में से 6 का निस्तारण किया गया।