भाजपा के मंत्रियों की काशी में जुटान कल से


वाराणसी (काशीवार्ता)। 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारी में भाजपा अभी से जुट गयी है। ‘24 की तैयारी, 80 सीट हमारी’ के संकल्प के साथ भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर कैंटोनमेंट स्थित एक होटल में कल से शुरु होगा। जिसमें केंद्र व प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं, संगठन के पदाधिकारियों व प्रदेश सरकार के मंत्रियों का जमघट लगेगा।
उक्त जानकारी आज सर्किट हाउस में एक प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष व राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र कश्यप ने दी। मंत्री ने कहा कि कल के उद्घाटन सत्र का शुभारम्भ पिछड़ा वर्ग मोर्चा कर राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद के लक्ष्मण द्वारा किया जाएगा। इस दौरान उनके साथ पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री हंसराज अहीर भी मौजूद रहेंगे। द्वितीय सत्र में प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन समन्वय विभाग के मंत्री अनिल राजभर की उपस्थिति रहेगी। तीसरे सत्र में प्रदेश महामंत्री अमरपाल मौर्य, चतुर्थ सत्र में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष व राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र कश्यप मुख्य अतिथि होंगे। 8 अगस्त को पंचम सत्र में सुनील बंसल का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। षष्टम सत्र कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, सप्तम सत्र में पशुधन दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल, अष्टम सत्र में काशी क्षेत्र के अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव, नवम सत्र में राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। इसी क्रम में 9 अगस्त को दशम सत्र में एमएलसी एवं प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता, 11 वें सत्र में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी व सत्र के समापन पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या आयेंगे। इस दौरान 2024 के लिए ओबीसी मोर्चा की तरफ से प्रदेश में ’24 की तैयारी 80 सीट हमारी’ के संकल्प व पूरे उत्साह के साथ कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा।