भ्रष्ट अफसरों एवं कर्मियों पर और तेज होगी कार्रवाई


गाजीपुर (काशीवार्ता)। भाजपा एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने बुधवार को पीडब्ल्यूडी डाक बंगले में आम जनता एवं भाजपा कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुना और उसके त्वरित निस्तारण के लिए अफसरों के पेच कसे। उन्होंने जिले के उन अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चेताया, जो भ्रष्टाचार के साथ ही लापरवाही कर रहे हैं। ऐसे अधिकारियों को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर नहीं सुधरे तो जेल भी भेजा जायेगा। इन अफसरों की शिकायत सीधे मुख्यमंत्री से की जाएगी। कहा कि भाजपा राज में आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से अफसर सुनें एवं उसके निस्तारण के लिए टीम बनाकर काम करें। समस्याओं का निस्तारण जमीन पर दिखना चाहिए। फर्जी निस्तारण हुआ तो सीधे कार्रवाई होगी। ऐसे अधिकारियों के खिलाफ डीएम, एसपी के साथ ही सीडीओ कार्रवाई करें। हमारे कार्यालय में एक एक अधिकारियों एवं कर्मचारियों की रिपोर्ट रखी हुई है। भाजपा एमएलसी विशाल सिंह चंचल एक सफल बिजनेसमैन के साथ साथ एक अच्छे और प्रगतिशील किसान भी है। उन्होंने आर्गेनिक सब्जी की खेती भी की है। उन्होंने सबसे पहले कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे आम लोगों की एक एक समस्याओं को सुना एवं उनके निस्तारण के निर्देश भी दिए। उन्होंने आम लोगों के साथ ही भाजपा कार्यकतार्ओं से कहा कि मेरी अनुपस्थिति में मेरा कार्यालय आपकी हर स्तर से रोजाना 12 घंटे मदद करेगा, इसके लिए हमारी टीम लगातार काम कर रही है। किसी अधिकारी एवं कर्मचारी की किसी को शिकायत है तो सीधे हमें बता भी सकता है। आम जनता से मिलने के बाद उन्होंने कुछ अधिकारियों को बुलाकर उनके पेच कसे। कहा कि अगर नहीं सुधरे तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें। उन्होंने नवागत जिलाधिकारी से मुलाकात की और जिले के विषय में जानकारी दी और जिले के विकास पर भी चर्चा की। इसके बाद एसपी से भी कानून व्यवस्था सहित अन्य मुद्दों पर े बात की। इस दौरान बिरनो ब्लाक प्रमुख राजन सिंह के अलावा काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।