पंचदिवसीय पर्व को लेकर बाजारों में जबरदस्त रौनक


वाराणसी(काशीवार्ता)। धनतेरस से पंच दिवसीय दीप महोत्सव का शुभारंभ नगर में हो जायेगा। धनतेरस को देखते हुए नगर में सोने-चांदी, बर्तनों गिफ्ट आइटमों व मिठाई की दुकानें सज धजकर तैयार हो गयी है। पिछले वर्ष कोरोना के कारण धनतेरस व दीपावली काफी फीका रह गया था लेकिन इस बार त्योहार को लेकर लोगों में उत्साह देखते बन रहा है। नगर की दुकानों पर खरीददारी करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ने लगी है। वहीं दीपावली को देखते हुए दुकानदारों व कंपनियों द्वारा अपने सामानों पर आकर्षक छूट देने के साथ ही खरीददारी करने पर ग्राहकों को उपहार भी दिया जा रहा है। चारों तरफ उल्लास व उमंग का माहौल व्याप्त है। बाजार का सबसे बड़ा आकर्षक दुकानों पर जलते विद्युत झालरों की रंग -बिरंगी रोशनियां दीपावली का आभास करा रही है।
ज्योतिर्विद साक्षरा मिश्रा ने बताय कि धनतेरस से पंच दिवसीय दीपावली का शुभारंभ हो जायेगा। धनतेरस को बर्तन खरीदने की परंपरा है। धनतेरस को धनत्रयोदशी कहा जाता है। इस दिन बर्तन व सोने चांदी की खरीददारी की जाती है। इस दिन आयुर्वेद के जन्मदाता भगवान धनवंतरि की जयंती भी मनायी जाती है। 3 नवम्बर को नरक चतुदर्शी व हनुमत जयंती है। इस दिन रात को घर के बाहर दीपक जलाया जाता है। 4 नवम्बर को दीपावली, उसके एक दिन बाद अन्नकूट व गोवर्धन पूजा तथा पांच नवम्बर को भैया दूज है। पंच दिवसीय त्योहार को लेकर लोगों में खूब उत्साह है।