गाजीपुर के विकास को लेकर सीएम से चर्चा


xगाजीपुर (काशीवार्ता)। जिले की सातों विधानसभा सीट हारने वाली भाजपा के लिए विशाल सिंह चंचल ने एमएलसी सीट जीतकर बड़ी संजीवीनी दी है। एमएलसी चुनाव जीतने के बाद सोमवार को चंचल ने लखनऊ में सीएम योगी से मिलकर आशीर्वाद लिया। इस बार सीएम योगी चंचल का सियासी कद सिर्फ गाजीपुर ही नहीं बल्कि पूर्वांचल में बढ़ाएंगे। इसकी चर्चा तेजी से हो रही है।
सीएम से मिलकर लौटने के बाद चंचल का काफी खुश नजर आए। चंचल ने साफ लहजे में कहा कि जो भी जिले का अधिकारी शासन की मंशा के अनुसार काम नहीं करेगा तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। उन्होंने भाजपा कार्यकतार्ओं से अपील किया कि अधिकारियों पर निगरानी रखें, और इसकी गोपनीय सूचना दें। ताकि जनता का कार्य त्वरित गति से हो सके। जिले की सातों सीटों पर सपा का कब्जा होने के बाद सपाई स्थानीय निकाय के एमएलसी चुनाव पर भी नजर गड़ाए थे। हालांकि सपा का प्रत्याशी ही भगोड़ा निकला। मगर सपाइयों ने कुटिल चाल चलकर निर्दल उम्मीदवार मदन सिंह यादव को गायब करा दिया था। अगर मदन नहीं गायब हुए होते तो चंचल निर्विरोध होते और वह योगी मंत्रिमंडल में मंत्री पद की शपथ लेते। इसके बाद सीएम ने उनसे जिले के विषय में जानकारी ली। कुछ अधिकारियों की भी रिपोर्ट ली। किस कारण से कौन कौन सीटें भाजपा ने हारी, इसका भी कारण पूछा। उन्होंने चंचल को निर्देशित किया कि जिले के विकास पर सतत् निगरानी रखें। जिले की हर विधानसभा में भ्रमण कार्यक्रम लगाएं। कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाएं। चंचल ने मुख्यमंत्री को भरोसा दिया कि 2024 में हम लोग बलिया के साथ ही गाजीपुर की सीट जीतेंगे। उधर अप्रैल के अंतिम सप्ताह में होने वाले शपथ ग्रहण के बाद जब चंचल पहली बार जिले में आएंगे तो उनके स्वागत की भव्य तैयारी होगी। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि पंकज सिंह चंचल ने बताया कि स्वागत को ऐतिहासिक बनाने की अभी से तैयारी शुरू हो गई है।