सड़कों, गलियों में बह रहा सीवर का पानी


वाराणसी(काशीवार्ता)। रमजान और नवरात्र के पवित्र महीने में जलालीपुरा, सरैया के लोगों, राहगीरों को सीवर के गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। इसके अलावा सरैया में फ्लाईओवर निर्माण के दौरान पेयजल की पाइप लाइनें क्षतिग्रस्त हैं और सीवर भी जाम हो चुका है। इसके कारण लोगों को पेयजल का संकट भी झेलना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि सम्बंधित अधिकारियों से शिकायतों के बाद भी कोई सुनवाई नही हो रही है। जलालीपुरा वार्ड के पार्षद हाजी ओकास अंसारी ने बताया कि जलालीपुरा की गलियों में सीवर ओवर फ्लो की समस्या लगातार बनी हुई है। इस क्षेत्र की सीवर लाइन 20 से 25 फिट गहरी हैं। यहां के सीवर लाइन की सफाई वर्ष 2019 में हुई थी। इसके बाद से आज तक सफाई नही हुई। पार्षद का कहना है कि एक साल से वह जलकल, नगर निगम के अफसरों से शिकायतें कर रहे हैं। लेकिन कोई सुनवाई नही हो सकी। पार्षद ने बताया कि आज जलालीपुरा और आसपास की सीवर की मेन लाइन बंद है, गलियों में सीवर ओवर फ्लो हो रहा है। दर्शनार्थी व नामाजी सीवरयुक्त पानी से होकर जा रहे हैं। फ्लाईओवर निर्माण कार्य के दौरान जगह- जगह पेयजल की पाईप लाइन काट दी गई है। इसके कारण सरैया और बाटलोहिया के लोग पेयजल का संकट झेल रहे हैं। फ्लाईओवर निर्माण करनेवालों ने लोगों के लिए सर्विस रोड तक नही बनाई है।