: मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ सैफई में होगा


समाजवादी पार्टी के पूर्व अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव का एक निजी अस्पताल में सोमवार को इलाज के दौरान निधन हो गया। वह 82 वर्ष के थे। मुलायम के बेटे और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उनके निधन की जानकारी दी। सपा के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से अखिलेश के हवाले से ट्वीट किया गया, ”मेरे आदरणीय पिता जी और सबके नेता जी नहीं रहे।” हम आपको बता दें कि मुलायम सिंह यादव की पिछले कुछ हफ्तों से तबीयत बहुत खराब थी। उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में वेंटीलेटर पर रखा गया था और उन्हें जीवन रक्षक दवाएं दी जा रही थीं। मुलायम सिंह यादव को दो अक्टूबर को निम्न रक्तचाप और ऑक्सीजन की कमी की शिकायत पर अस्पताल के आईसीयू में स्थानांतरित कर दिया गया था और तब से वह जीवन रक्षक दवाओं पर थे। मेदांता अस्पताल की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि मुलायम सिंह यादव का लंबी बीमारी के बाद आज सुबह 8:16 बजे निधन हो गया। मुलायम सिंह के निधन की खबर आते ही गृह मंत्री अमित शाह मेदांता अस्पताल पहुँचे और मुलायम सिंह को श्रद्धांजलि दी तथा उनके परिजनों को ढाढस बंधाया। मुलायम का पार्थिव शरीर आज ही उनके पैतृक गांव सैफई ले जाया जायेगा।

इस बीच, उत्तर प्रदेश सरकार ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक जताते हुए कहा है कि स्वर्गीय मुलायम सिंह का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। इस बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के कार्यालय ने जानकारी दी है कि मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार उत्तर प्रदेश में उनके पैतृक गांव सैफई में मंगलवार दोपहर तीन बजे किया जायेगा।

इस बीच, मुलायम सिंह के निधन की खबर आते ही शोक की लहर दौड़ गयी है। राजनेता मुलायम सिंह के साथ अपने अनुभवों को साझा करते हुए उन्हें ट्वीट कर अपनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट कर संवेदना व्यक्त की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, ‘‘श्री मुलायम सिंह यादव का निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति है। साधारण परिवेश से आए मुलायम सिंह यादव जी की उपलब्धियां असाधारण थीं। ‘धरती पुत्र’ मुलायम जी जमीन से जुड़े दिग्गज नेता थे। उनका सम्मान सभी दलों के लोग करते थे। उनके परिवार-जन व समर्थकों के प्रति मेरी गहन शोक-संवेदनाएं।’’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक जताते हुए ट्विटर पर कुछ तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ”जब हम अपने-अपने राज्यों गुजरात एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, तब उनके साथ कई बार बातचीत का अवसर मिला। घनिष्ठता हमेशा बनी रही और मैं हमेशा उनके विचारों को सुनने के लिए उत्सुक रहता था।’’ मोदी ने कहा, ‘‘उनके निधन से दुखी हूं। परिवार और उनके लाखों समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।’’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए लिखा, “मुलायम सिंह यादव जी ने यूपी और राष्ट्रीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। वह आपातकाल के दौरान लोकतंत्र के लिए एक प्रमुख सैनिक थे।” 

उधर, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि मुलायम सिंह यादव ज़मीन से जुड़े ऐसे नेता थे जिन्होंने कई दशकों तक UP की राजनीति में एक प्रमुख भूमिका निभाई। राजनाथ सिंह ने कहा कि अपने लम्बे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने अनेक पदों पर काम किया और देश, समाज एवं प्रदेश के विकास में अपना योगदान दिया। उनका निधन पीड़ादायक है। उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘राजनीति में विरोधी होने के बावजूद मुलायम सिंह जी के सभी से अच्छे संबंध थे। जब भी उनसे भेंट होती तो वे बड़े खुले मन से अनेक विषयों पर बात करते। अनेक अवसरों पर उनसे हुई बातचीत मेरी स्मृति में सदैव तरोताजा रहेगी। दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों एवं समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।”

गृह मंत्री अमित शाह ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर ट्वीट कर संवेदना व्यक्त की। अमित शाह ने कहा कि मुलायम सिंह यादव जी अपने अद्वितीय राजनीतिक कौशल से दशकों तक राजनीति में सक्रिय रहे। आपातकाल में उन्होंने लोकतंत्र की पुनर्स्थापना के लिए बुलंद आवाज उठाई। वह सदैव एक जमीन से जुड़े जननेता के रूप में याद किए जाएँगे। उनका निधन भारतीय राजनीति के एक युग का अंत है। अमित शाह ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों व समर्थकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूँ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शांति शांति शांति

राष्ट्रीय जनता दल के संस्थापक और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने भी ट्वीट कर मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा, ‘‘समाजवादी वटवृक्ष सपा संरक्षक आदरणीय मुलायम सिंह जी के निधन की खबर से मर्माहत हूं। देश की राजनीति में एवं वंचितों को अग्रिम पंक्ति में लाने में उनका अतुलनीय योगदान रहा। उनकी यादें जुड़ी रहेगी। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें। विनम्र श्रद्धांजलि।’’

उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने ट्विटर पर अपने शोक संदेश में कहा, ‘‘समाजवादी पार्टी के संस्थापक व वरिष्ठ राजनेता एवं उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी का निधन अत्यंत दुःखद है। उनका निधन राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं परिजनों तथा समर्थकों को यह असीम दु:ख सहन करने की शक्ति दें।’’

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने शोक संदेश में कहा, ‘‘सपा के संस्थापक व वरिष्ठ राजनेता एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी का निधन अत्यंत दुःखद है। उनका निधन राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं परिजनों तथा समर्थकों को यह असीम दु:ख सहन करने की शक्ति दें।”

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर सोमवार को शोक व्यक्त किया और उनके परिवार एवं प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की। केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव जी के निधन का दुखद समाचार मिला। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं उनके सभी प्रशंसकों और परिजनों को ये अपार दुख सहने की शक्ति दें। ओम शांति।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि रक्षा मंत्री एवं सामाजिक न्याय के सशक्त पैरोकार के रूप में उनका अतुलनीय योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा, “अखिलेश यादव व अन्य सभी प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं। ईश्वर श्री मुलायम सिंह यादव जी को श्रीचरणों में स्थान दें।”