सर्वेश्वरी समूह में बाबा कीनाराम की जयंती पर विविध कार्यक्रम


वाराणसी(काशीवार्ता)लोलार्क षष्ठी व अघोरेश्वर जयंती का दो दिवसीय पर्व शुक्रवार से शुरू हो गया। कार्यक्रम के पहले दिन भाद्र शुक्ल षष्ठी, संवत 2079, तद्नुसार शुक्रवार 2 सितम्बर को अघोर पीठ, श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान देवस्थानम, अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम, पड़ाव में अघोराचार्य महाराज बाबा कीनाराम का जन्म षष्ठी (लोलार्क षष्ठी) पर्व संस्था के अध्यक्ष औघड़ गुरुपद संभव राम के सान्निध्य में भक्तिमय वातावरण में मनाई गई। प्रात:कालीन सफाई श्रमदान के बाद सुबह 8 बजे बाबा गुरुपद संभव राम ने बाबा कीनाराम की प्रतिमा का विधिवत पूजन किया। तत्पश्चात अघोर शोध संस्थान के निदेशक डॉ. अशोक कुमार सिंह द्वारा सफल योनि का पाठ किया गया। बाबा ने आश्रम के उपासना स्थल (चिरकुट देवी विहार) में हवन-पूजन की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद दो दिनों तक चलने वाले अखंड संकीर्तन अघोरान्ना परो मन्त्र: नास्ति तत्वं गुरो: परम का शुभारम्भ बाबा ने देवी मन्दिर की परिक्रमा करके की। मालूम हो कि शनिवार को अघोरेश्वर भगवान राम की 86वीं जयंती मनाई जाएगी। इस अवसर पर देश के विभिन्न प्रान्तों से आए संस्था के सदस्य, भक्त व श्रद्धालु कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे।