कलश यात्रा में शामिल हुए एलजी


गाजीपुर (काशीवार्ता)। जम्मू एवं कश्मीर के एलजी और गाजीपुर के पूर्व सांसद मनोज सिन्हा मंगलवार को श्रीमद् भागवत कथा के आयोजन के लिए मंगई नदी का जल कलश में भरकर अपने परिवार संग मोहनपुरा पहुंचे। कलश यात्रा में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सैकड़ों लोग शामिल हुए। मंगई नदी का जल लाने के बाद डेढ़ बजे से काशी के आधा दर्जन ब्राम्हणों द्वारा मंत्रोचार के बीच एलजी ने भागवत ज्ञान यज्ञ कथा का संकल्प लिया। इस दौरान पूरे गांव का माहौल भक्तिमय था। सात दिनों तक चलने वाली इस कथा के उपरांत आठ नवम्बर को गांव में विशाल भंडारा का आयोजन किया गया है। जिसके लिए हजारों लोगों को आमंत्रण पत्र भेजा गया है। अपने पैतृक गांव मोहनपुरा में रात्रि विश्राम के बाद मंगलवार को सुबह स्नान ध्यान करके मनोज सिन्हा अपने पुत्र अभिनव सिन्हा एवं परिवार के सदस्यों के साथ ठाकुर जी का दर्शन पूजन करने के बाद गांव के कुछ दूरी पर कल कल बहती मंगई नदी का जल कलश में भरने के लिए सैकड़ों लोगों के साथ पहुंचे। कलश में जल भरने के बाद उसे सिर पर उठाकर वेएवं उनके परिवार के लोग गांव पहुंचे। इस दौरान जय श्रीराम के नारे लग रहे थे। पूरा माहौल भक्ति मय था। यहां पर डेढ़ बजे से मनोज सिन्हा विशेष पूजा पर बैठे। फिर श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ कथा का संकल्प लिया। संकल्प का कार्यक्रम के समापन के बाद कथा के लिए बने भव्य पंडाल में काशी के आचार्य कृष्ण दीक्षित महाराज ने कथा प्रारंभ किया। इस कथा को श्री सिन्हा के साथ ही हजारों लोगों ने श्रवण किया। एलजी के परिवार के सदस्य अभिताभ राय, प्रदीप सिन्हा, सुजीत सिन्हा, अमितेष राय, संदीप राय, कन्हैया राय, मुकुंद राय, अश्वनी राय, आशुतोष राय, अभिनव सिन्हा, अभिजीत सिन्हा और अंबुज सिन्हा सहित अन्य लोग शामिल हुए। सूत्रों की मानें तो कई सौ सांसद विधायकों के साथ ही कई दर्जन मंत्री भी कार्यक्रम में साक्षी बनेंगे।