इस्लामिक आतंकवाद को खत्म करने के लिए कर रहे काम


अहमदाबाद। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार को मोटेरा स्टेडियम में ‘नमस्ते ट्रम्प’ कार्यक्रम में 27 मिनट का संबोधन दिया। उन्होंने कहा, हम 8 हजार मील की दूरी तय करने के बाद यह बताने आए हैं कि अमेरिकियों को भारत से प्यार है। 5 महीने पहले अमेरिका ने आपके महान प्रधानमंत्री का स्वागत किया था। आज भारत ने हमारा दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम में स्वागत किया है। खूबसूरत और नए मोटेरा स्टेडियम में आकर संबोधित करना मेरे लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा, भारत का हमेशा हमारे दिल में विशेष स्थान रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन इस महान देश की यात्रा को भी रेखांकित करता है। वे उनके पिता के साथ चाय बेचते थे। वे इसी शहर में एक कैफेटेरिया में काम करते थे। दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक चुनाव में वे जीतकर आए हैं। आप सिर्फ गुजरात के लिए गर्व नहीं हैं, बल्कि आप इस बात के प्रतीक हैं कि भारतीय जो चाहें, उसे कैसे भी पूरा सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कहानी असाधारण तरीके से तरक्की करने की है। यही भारत की भी कहानी है। भारत दुनियाभर में इंसानियत के लिए एक उम्मीद है। यह दुनिया का सबसे नायाब देश है।
ट्रंप ने कहा कि यहां का बॉलीवुड क्रिएटिविटी का उदाहरण है। भांगड़ा, रोमांस, ड्रामा और क्लासिक का एक उदाहरण दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे फिल्म है। सचिन तेंडुलकर से लेकर विराट कोहली तक भारत महान खिलाड़ियों का देश है। सरदार पटेल को इस देश ने ऊंची स्टेच्यू बनाकर श्रद्धांजलि दी है। दिवाली को इस देश के लोग बुराई पर अच्छाई के जीत के पर्व के रूप में मनाते हैं। रंगों का खूबसूरत त्योहार होली है। भारत हर व्यक्ति की गरिमा शेष पृष्ठ 5 पर
का सम्मान करने वाला देश है। यहां करोड़ों हिंदू-मुस्लिम, सिख, जैन, ईसाई और बौद्ध एकसाथ रहते हैं।
आईएसआईएस का खात्मा हो चुका
ट्रम्प ने कहा- हमें साबरमती आश्रम जाने का मौका मिला। यह महात्मा गांधी के नमक सत्याग्रह का प्रतीक है। अब हम आपके देश की सबसे खूबसूरत धरोहर ताजमहल को भी देखने जाएंगे। यह दौरा बताता है कि जब दो देशों के नेता अपने देश की जनता के हितों को आगे रखते हैं तो दो देशों के बीच मजबूत गठबंधन उभरकर सामने आता है। हम दुनिया के सबसे बेहतरीन हेलिकॉप्टर, रॉकेट, फाइटर प्लेन बनाते हैं। 3 अरब डॉलर मूल्य के हेलिकॉप्टर हम भारत की सेना को देने जा रहे हैं। भारत हमारा बड़ा डिफेंस पार्टनर है। हम दोनों देश एकसाथ भारतीय-प्रशांत क्षेत्र में संप्रभुता को बनाए रखने का काम करेंगे। हम इस्लामिक टेररिज्म खत्म करने के लिए काम कर रहे हैं। आज आईएसआईएस का खात्मा हो चुका है। हमने उसे सौ फीसदी नेस्तनाबूद कर दिया है।
आतंक फैलाने वाले को बड़ी कीमत चुकानी होगी
ट्रम्प के मुताबिक, अमेरिका की सरहदें आतंक के लिए हमेशा से बंद रहेंगी। इसलिए हमने अमेरिका में एंट्री के नियमों को सख्त बनाया है। अमेरिका में जो भी आतंक फैलाने के इरादे से आएगा, उसे बड़ी कीमत चुकानी होगी। हर देश अपनी सीमाओं की सुरक्षा चाहता है। यहां अमेरिका और भारत अपनी-अपनी विचारधारा के साथ एकसाथ काम कर सकते हैं। हमने पाकिस्तान पर दबाव बनाया है और उसे सीमा पार आतंकवाद खत्म करने को कहा है। हमारे पाकिस्तान के अच्छे रिश्ते हैं। हम अच्छे नतीजों की उम्मीद कर रहे हैं। उम्मीद है कि इससे दक्षिण एशिया में शांति का माहौल बनाने में मदद मिलेगी।