3 घंटे फ्री रहेगा टोल प्लाजा


मिर्जापुर। विन्ध्याचल धाम में त्रिकोण पथ प्रयागराज मार्ग पर स्थापित टोल प्लाजा पर भक्तों को टैक्स नहीं देना होगा। पर्वत पर विराजमान माता अष्टभुजा का दर्शन कर भक्तों को 3 घंटे में लौटना होगा। त्रिकोण पथ पर टोल प्लाजा के निर्माण के दौरान स्थानीय नागरिकों की आवाज को अनसुना कर दिया गया। अब भक्तों के सामने समस्या खड़ी होने पर जिलाधिकारी को दखल करना पड़ा। सत्ता में रहकर भी जन प्रतिनिधि इस समस्या की ओर से आँख मूंदे रहे।विन्ध्याचल धाम में आकर भक्त तीन कोण पर विराजमान तीनों देवी लक्ष्मी स्वरूपा माता विंध्यवासिनी, काली खोह में विराजमान महाकाली एवं अष्टभुजा पर्वत पर विराजमान माता सरस्वती का दर्शन करते हैं। इन तीन देवियों के 3 कोण पर बसने से त्रिकोण बनता है। जहां भक्त पैदल या वाहनों से मां का दर्शन करते हैं। इसी त्रिकोण पथ पर अष्टभुजा मंदिर के गेट के पहले ही टोल प्लाजा बना दिया गया। जिस पर लोगों ने इसे भविष्य का जजिया कर वाला केंद्र कहा था। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने त्रिकोण दर्शन के दौरान अष्टभुजा जाने वाले यात्रियों की परेशानियों को देखते हुये कलेक्ट्रेट में एनएचआई, एनएच, लोक निर्माण विभाग एवं टोल बूथ मैनेजर के साथ बैठक किया। जिलाधिकारी ने बताया कि त्रिकोण दर्शन के दौरान यात्रियों को अष्टभुजा जाने पर उन्हें टोल टैक्स भरना होता था, जिसकी कई यात्रियों के द्वारा अष्टभुजा दर्शन के दौरान टोल टैक्स फ्री करने की मांग की जा रही थी।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व शिव प्रताप शुक्ल ने बताया कि अष्टभुजा जाने वाले दर्शनार्थियो के लिये तीन घण्टे तक टोल फ्री रहेगा। उन्हें अधिकतम तीन घण्टे के अन्दर पुन: टोल गेट से वापस आना होगा। यह छूट दर्शन करने वाले यात्रियों के लिये किया गया है।