83 फीसदी गिरा यस बैंक का शेयर


नई दिल्ली। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को शेयर बाजार भारी गिरावट पर खुला। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 1,435.14 अंक यानी 3.73 फीसदी की गिरावट के बाद 37,035.47 के स्तर पर खुला। जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 403.15 अंक यानी 3.58 फीसदी की गिरावट के बाद 10,865.85 के स्तर पर खुला। महज एक मिनट में निवेशकों के चार लाख करोड़ रुपये स्वाहा हो गए। पिछले कारोबारी दिन 36.80 के स्तर पर बंद होने के बाद आज यस बैंक का शेयर 33.15 के स्तर पर खुला। इसके बाद सुबह 11:33 बजे यह 30.85 अंक यानी 83.83 फीसदी की गिरावट के बाद 5.95 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। इसके साथ ही सरकार ने भारतीय स्टेट बैंक और अन्य वित्तीय संस्थानों को पूंजी के संकट से जूझ रहे यस बैंक को खरीदने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए मंजूरी दे दी है। इस एलान के बाद आज एसबीआई के शेयर में भी गिरावट देखी जा रही है। 288.50 के स्तर पर बंद होने बाद आज यह 268 के स्तर पर खुला और सुबह 11:33 बजे यह 18.75 अंक यानी 6.50 फीसदी की गिरावट के बाद 269.75 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।