कोरोना प्रोटोकाल के तहत मनायी गयी अघोराचार्य बाबा कीनाराम की जन्म षष्ठी


वाराणसी(काशीवार्ता)। अघोर पीठ, श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान देवस्थानम्, अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम, पड़ाव में अघोराचार्य महाराजश्री बाबा कीनाराम जी का जन्म षष्ठी (लोलार्क षष्ठी) पर्व संस्था के अध्यक्ष अवधूत गुरुपद संभव राम के सानिध्य में श्रद्धा एवं भक्तिमय वातावरण में व शारीरिक दूरी का पालन करते हुए सादगी से मनाया गया। इस क्रम में प्रात:कालीन सफाई श्रमदान के उपरांत 8 बजे पूज्यपाद बाबा गुरुपद संभव राम ने बाबा कीनाराम की प्रतिमा का विधिवत पूजन किया। तत्पश्चात पृथ्वीपाल ने सफलयोनि का पाठ किया। इसके बाद बाबा ने आश्रम के उपासना स्थल (चिरकुट देवी विहार) में हवन संपन्न किया। तदोपरांत माँ-भगवती की आरती करके पूज्य बाबा ने ‘अघोरान्ना परो मन्त्र: नास्ति तत्वं गुरो: परम्’ के अखंड संकीर्तन का शुभारम्भ देवी विहार की पञ्च परिक्रमा करके किया। अखंड संकीर्तन का समापन सोमवार को परमपूज्य अघोरेश्वर भगवान राम की 85वीं जयंती के दिन अपराह्न लगभग 4 बजे होगा। उल्लेखनीय है कि प्रतिवर्ष सर्वेश्वरी समूह के हजारों सदस्यों एवं अघोरेश्वर महाप्रभु के शिष्यों की उपस्थिति में मनाया जाने वाला यह पर्व वैश्विक महामारी कोविड-19 के चलते गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी आश्रमवासियों, संस्था के पदाधिकारियों तथा कुछ स्थानीय श्रद्धालुओं की उपस्थिति में सतर्कता व शारीरिक दूरी का पालन करते हुए मनाया जा रहा है। संस्था की पाक्षिक पत्रिका सर्वेश्वरी टाइम्स के माध्यम से सभी सदस्यों व शिष्यों को यह पर्व अपने-अपने स्थानीय शाखा कार्यालयों एवं आश्रमों में शासन-प्रशासन के निदेर्शों का पूर्णतया पालन करते हुए मनाने की सूचना पहले ही दे दी गयी थी।