फादर लॉरेंस का विधि विधान से अंतिम संस्कार


वाराणसी (काशीवार्ता)। वाराणसी धर्म प्रांत के पुरोहित, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य सहित अनेक पदों को सुशोभायमान करने वाले फादर लॉरेंस मेंडोसा का पार्थिव शरीर आज पूर्वाहन पूर्ण विधि-विधान, पूजन व प्रार्थना के साथ सेंट मेरिज कैथेड्रल( छावनी क्षेत्र) के बगल में स्थित पुरोहितों के कब्रिस्तान में दफन कर दिया गया।
इससे पूर्व बड़े गिरजाघर में विशेष प्रार्थना सभा, भजन व अन्य कार्यक्रम संपन्न हुए। समस्त विधियों को धर्मप्रांत के मुख्य पुरोहित बिशप फादर यूजीन जोसेफ ने अन्य सहयोगियों के साथ संपन्न कराया। इस अवसर पर डायोसिस के समस्त पुरोहित( फादर्स) धर्म संगिनी (सिस्टर्स) दिल्ली व मुंबई से आए पुरोहित, सैकड़ों की संख्या में मसीही अनुयाई व फादर मेंडोसा के संबंधी उपस्थित थे। फादर लारेंस मेंडोसा के निधन पर कल वाराणसी व चंदौली के डायोसिस के विद्यालयों में विशेष प्रार्थना भी हुई थी।