शिकायतों के निस्तारण के लिए प्रशासन गंभीर


मिर्जापुर। जन शिकायतो के त्वरित निस्तारण एवं कार्यवाही के दृष्टिगत सम्पूर्ण समाधान दिवस जनपद के चारों तहसील में आयोजित किया गया। सदर तहसील में जिलाधिकारी मुख्य विकास अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक उप जिलाधिकारी चन्द्रभान सिंह, एवं अन्य अधिकारियो द्वारा सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपस्थित होकर समस्याओं को सुना गया। उपस्थित अधिकारियो के समक्ष विभिन्न विभागो से सम्बन्धित तहसील सदर में कुल 88 फरियादियों द्वारा अपनी समस्याओं से अवगत कराया गया जिसमें जिलाधिकारी द्वारा 1 प्रार्थना पत्रो को मौके पर ही निस्तारित करते हुये शेष 87 प्रार्थना पत्रों को सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के अन्दर गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने का निर्देश दिया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों को अधिकारी गुणवत्तापूर्ण ढंग से एक सप्ताह के अन्दर निस्तारण कराना सुनिश्चित कराये। गुणवत्तापूर्ण निस्तारण न पाये जाने पर सम्बन्धित अधिकारी/कर्मचारी के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी। मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित अधिकारियो को सम्बोधित करते हुये कहा कि शिकायतकर्ता की बातो को ध्यान से अवश्य सुने तथा शिकायत के निस्तारण हेतु मौके पर जाकर जॉच करते समय शिकायतकर्ता अथवा वहॉ पर उपस्थित व्यक्तियो के हस्ताक्षर अवश्य कराये। उन्होने कहा कि आई.जी.आर.एस. के निस्तारण मे डिफाल्टर कदापि नही होना चाहिये, प्राप्त संदर्भो का ससमय निस्तारित करते आख्या को पोर्टल पर अपलोड किया जायें। इसी क्रम में लालगंज तहसील में अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल एवं उप जिलाधिकारी अमित शुक्ल कुल 45 प्रार्थना पत्रो में 2 का निस्तारण, तहसील मड़िहान में अपर जिलाधिकारी (भू./रा.) हरिशंकर यादव द्वारा कुल 15 प्रार्थना में से 1 का निस्तारण, चुनार उप जिलाधिकारी रोशनी यादव द्वारा 49 प्रार्थना में से 06 निस्तारण किया गया।