डीएम व एसपी ने किया सक्तेशगढ़ आश्रम व सिद्धनाथ दरी का निरीक्षण


मिर्जापुर (काशीवार्ता)। आगामी गुरू पूर्णिमा पर सक्तेशगढ़ आश्रम में भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की सम्भावना के दृष्टिगत सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिये जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार एवं पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह द्वारा भ्रमण कर निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अड़गड़ा नन्द आश्रम के पदाधिकारियों द्वारा व्यवस्थाओं यथा प्रकाश व्यवस्था, वाहन पार्किंग, शौचालय, पेयजल सहित अन्य व्यवस्थाओ के बारे में जानकारी दी गयी। आश्रम के पदाधिकारी के द्वारा 24 घण्टे अनवरत विद्युत आपूर्ति एवं जाम की स्थिति उत्पन्न न हो सके यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिये जिलाधिकारी से अनुरोध किया गया जिस पर जिलाधिकारी द्वारा अधिशाषी अभिन्ता विद्युत से विद्युत आपूर्ति बनाये रखने हेतु निर्देशित किया। सक्तेशगढ़ आश्रम में पूर्णिमा के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था निरीक्षण के बाद अधिकारीद्वय सिद्धनाथ दरी पहुॅचे। सिद्धनाथ दरी के प्रवेश द्वार पर वाहन स्टैण्ड पर आने वाले गाड़ियो को दी जा रही पर्ची का निरीक्षण किया, जिसमें पाया गया कि किसी पर्ची पर गाड़ी नम्बर व ली जा रही धनराशि अंकित नही किया जा रहा हैं। जिलाधिकारी द्वारा मौके पर उपस्थित पर्ची वितरणकर्ता राम सिंह व उसके दो साथियों को थानाध्यक्ष के हवाले करते हुये निर्देशित किया कि नियमानुसार जॉच कर इसके विरूद्ध कार्यवाही की जाय। राम सिंह द्वारा बताया गया कि पप्पू सिंह द्वारा वन विभाग से ठेका लिया गया है । जिलाधिकारी द्वारा वन विभाग द्वारा दिये गये प्रपत्र को मांगने पर किसी द्वारा नही दिखाया गया। जिलाधिकारी ने प्रभागीय वनाधिकारी व सम्बन्धित थाना को निर्देशित करते हुये कहा कि नियमानुसार कार्यवाही की जाये। ज्ञातव्य है कि सिद्धनाथ दरी पर वाहन स्टैण्ड के नाम पर अधिक पैसा वसूली की शिकायते सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हो रही थी। उन्होंने कहा कि यदि वन विभाग द्वारा टेण्डर दिया गया है तो शैलानियो से निर्धारित दर ही वसूल की जाय अन्यथा कड़ी कार्यवाही की जाय। जिलाधिकारी ने थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि जंगल में आग जलाकर खाना बनाने पर रोक लगायी जायें।
चार ओवरलोड ट्रक सीज

मिर्जापुर (काशीवार्ता)। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार के निर्देश के क्रम में अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल तहसील मड़िहान से सम्पूर्ण समाधान दिवस के बाद जनपद मुख्यालय लौटते समय रास्ते में आ रहे ओवरलोड ट्रको का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान 4 ट्रकों को ओवरलोड पाये जाने पर सीज करने की कार्यवाही की गयी। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि ओवरलोडिंग के विरूद्ध यह अभियान अनवरत चलेगा। ओवरलोड करने वाले खनन मालिकों के विरूद्ध भी कार्यवाही की जायेगी।