‘पत्रकारिता के बजाय एजेंडा चलाता है BBC, कानून के तहत हो रही कार्रवाई’, विपक्ष के आरोपों पर भाजपा का जवाब


मुंबई और दिल्ली में बीबीसी के दफ्तर में आज आयकर विभाग ने सर्वे किया। इसको लेकर विपक्षी नेता अब सरकार पर जबरदस्त तरीके से हमलावर हो गए हैं। दूसरी ओर भाजपा ने साफ तौर पर कहा है कि कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है। भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पत्रकारिता के बजाय एजेंडा चलाता है बीबीसी। उन्होंने कहा कि देश संविधान और नियम से चलता है। कोई भी संस्था हो, उसे भारतीय कानून को मानना पड़ेगा। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि भारत के आगे बढ़ने से दुनिया की कुछ संस्थाएं परेशान है। बीबीसी विश्व की सबसे भ्रष्ट संस्था हो गई है। बीबीसी का इतिहास कलंकित और द्वेष पूर्ण भावना से भरपूर है। इसके साथ ही उन्होंने विपक्षी दलों के नेताओं से कहा कि कानूनी कार्यवाही पर बयानबाजी ठीक नहीं है।

गौरव भाटिया ने यह भी कहा कि देश की अखंडता को चोट पहुंचाने का बीबीसी प्रयास करता है। परंपराओं पर गलत बयान देता है। बीबीसी ने आतंकी को करिश्माई युवा बताया था। सूत्रों ने बताया है कि IT अधिकारी BBC के दिल्ली व मुंबई स्थित दफ्तर पहुंचे। वे BBC के वित्त विभाग के खाते में कुछ दस्तावेजों का सत्यापन कर रहे हैं। विभाग ने खाते,वित्त विभाग के लोगों के कुछ मोबाइल फोन,लैपटॉप-डेस्कटॉप जब्त किए हैं। अधिकारी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का बैकअप लेंगे फिर इसे वापस सौंप देंगे। बीबीसी में सर्वे ऑपरेशन को लेकर विपक्ष ने सवाल खड़े किए है। 

कांग्रेस ने कहा कि तानाशाह एक डरपोक आदमी होता है। पहले BBC की डॉक्यूमेंट्री आई, उसे बैन किया गया। अब BBC पर IT का छापा पड़ गया है। अघोषित आपातकाल। वहीं, पार्टी नेता जयराम रमेश ने कहा कि यहां हम अडानी के मामले में JPC की मांग कर रहे हैं और वहां सरकार BBC के पीछे पड़ी हुई है। ‘विनाशकाले विपरीत बुद्धि’। अखिलेश यादव ने लिखा कि BBC पर छापे की ख़बर ‘वैचारिक आपातकाल’ की घोषणा है। महबूबी मुफ्ती ने कहा कि बीबीसी कार्यालय पर छापे का कारण और प्रभाव बिल्कुल स्पष्ट है। सच बोलने वालों को सरकार बेशर्मी से परेशान कर रही है। चाहे वह विपक्षी नेता हों, मीडिया, कार्यकर्ता या कोई और। दस्ताने उतर गए हैं और सच्चाई के लिए लड़ने की कीमत चुकानी पड़ती है।