अब गांव-गिरांव में भाजपा को हरायेगी कांग्रेस


वाराणसी (काशीवार्ता)। प्रियंका गांधी बनारस से या देश के किसी भी लोक सभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेगी तो कार्यकर्ता अपनी जान लड़ा देंगे उन्हें जीत दिलाएंगे। उक्त बातें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार वाराणसी पहुंचे अजय राय ने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत के दौरान कही। उन्होंने कहा कि कैमरा घुमाकर देखिए यहां बूथ लेवल का गांव गिरांव का कार्यकर्ता खड़ा है । अब गांव गिरांव में कांग्रेस भाजपा को चुनाव हराएगी। बनारस की धरती महादेव की धरती है और महादेव की धरती से यह बिगुल बजा है जिसका असर पूरे प्रदेश में देखने को मिलेगा। इस समय सबसे बड़ा मुख्य मुद्दा इस प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई और डरा कर अपने साथ लेने का माहौल चल रहा है। ईडी, सीबीआई का डर दिखाके अपने साथ ले रहे हैं। भाजपा नफरत की राजनीति कर रही है। हमारे नेता राहुल गांधी ने कश्मीर से कन्याकुमारी तक प्यार का पैगाम दिया है। खड़गे ने और हमारी नेता प्रियंका गांधी का जो संदेश है, उसे प्रदेश के कार्यकर्ता घर घर पहुंचाएंगे। भाजपा राहुल गांधी से डरी हुई है, इसी डर की वजह से जो उन्हें गाली देता रहा, उनको मठ में भेजता रहा, पीएम को गुजरात भेजता रहा, आज ने उसे अपने गठबंधन में ले लिया। उन्होंने कहा कि अजय राय राहुल गांधी का सिपाही और कार्यकर्ता जो लड़ाई पूरी मजबूती के साथ भाजपा और नरेंद्र मोदी के खिलाफ लड़ा था अब इसे चंदौली से गाजियाबाद तक लड़ा जाएगा। क्या राहुल गांधी अमेठी से चुनाव लड़ेगें इसपर अजय राय ने कहा कि बिलकुल लड़ेंगे। अजय राय ने कहा कि प्रियंका गांधी बनारस से या देश के किसी भी लोक सभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेगी तो कार्यकर्ता अपनी जान लड़ा देंगे उन्हें जीत दिलाएंगे।