संक्रमण काल खंड में प्रकृति ही बचा रही


लखनऊ। सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में रविवार को वन महोत्सव के अंतर्गत 25 करोड़ पौधा लगाने के बड़े अभियान का शुभारंभ किया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने वन महोत्सव के तहत आज आयोजित वृहद पौधारोपण कार्यक्रम के मिशन पौधारोपण -2020 का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजधानी के कुकरैल वन क्षेत्र में हरिशंकरी का पौधा रोपा। यूपी में अब तक पांच करोड़ 68 लाख 35742 पौधे लगाए गए हैं। प्रदेश भर में वृक्षारोपण के साथ जियो टैगिंग का कार्य जारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत के श्रेष्ठ ज्ञान के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने के लिए आयोजित किए जाने वाले गुरु पूर्णिमा पर्व के साथ वन महोत्सव का यह अद्भुत संगम आज 25 करोड़ पौधे रोपने के लक्ष्य के साथ प्रारंभ हुआ है। वैश्विक महामारी कोरोना के दौरान भी हैं हम उसके बचाव के प्रोटोकॉल का पालन करते हुए इस महाभियान में भागीदार बन सकते हैं, वृहद पौधारोपण अभियान उसका साक्षी बन रहा है। सभी जिलों में इसके लिए जोश और जुनून दिख रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक 5.3 करोड़ पौधे पूरे प्रदेश में रोपित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह पर्यावरण के प्रति जागरुकता का सुंदर उदाहरण है। यह कार्यक्रम कोविड-19 से पहले, उसके दौरान और उसके बाद की परिस्थितियों में आने वाले बदलावों का एक चित्र भी प्रस्तुत करेगा। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले वर्ष इस अभियान के तहत प्रदेश में 22 करोड़ पौधे लगाए गए। उनमें से प्रत्येक की जियो टैगिंग की गई। पौधे सुरक्षित रहें, इसकी समीक्षा बराबर होती रही। जो पौधे जीवित नहीं रह पाए, अगले साल उनकी जगह नए पौधे रोपित किए गए।
पिछले 3 वर्षों में प्रदेश में पौधारोपण का अभियान लगातार बढ़ता गया। उसी के तहत आज हम 25 करोड़ पौधारोपण के साक्षी बन रहे हैं। कार्यक्रम की सफलता यह बताती है कि पर्यावरण और प्रकृति के संरक्षक के तौर पर हम अपना योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रकृति और परमात्मा की उत्तर प्रदेश पर असीम कृपा रही है।