विकास का साथी मुठभेड़ में ढेर


लखनऊ। कानपुर शूटआउट के मुख्य आरोपी विकास दुबे पर ईनाम की राशि बढ़ा दी गई है। अब विकास दुबे के बारे में खबर देने वाले को 5 लाख रुपये का इनाम मिलेगा। पांच दिन बाद भी विकास दुबे का पता नहीं, लेकिन उसके करीबियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। इस बाबत एडीजी लॉ एंड आॅर्डर प्रशांत कुमार ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। उत्तर प्रदेश पुलिस के एडीजी लॉ एंड आॅर्डर प्रशांत कुमार ने कहा कि कानपुर घटना में नामित और वांछित अमर दुबे को आज सुबह मार गिराया गया है। इस बदमाश के पास से एक सेमी आॅटोमेटिक पिस्टल बरामद किया गया है। बीती रात 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश श्यामू वाजपेयी और दो साथियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि कानपुर घटना में साथियों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। बदमाशों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। ऐसी कार्रवाई होगी कि जिससे बदमाश पछताएंगे। गौरतलब है कि 2 जुलाई की रात को बिकारू गांव में आठ पुलिसकर्मियों की निर्मम हत्या के बाद से ही गैंगस्टर विकास दुबे फरार है। उसकी तलाश में छापेमारी जारी है। फरीदाबाद एक होटल में विकास दुबे के छिपे होने की खबर मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने छापेमारी की। यहां विकास दुबे नहीं मिला, लेकिन उसका गुर्गा प्रभात मिला। विकास दुबे के रिश्तेदार प्रभात समेत तीन लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। इनके पास से चार असलहे बरामद हुए हैं, जिनमें दो सरकारी असलहे हैं। दोनों सरकारी असलहों को 2 जुलाई की रात पुलिस से छीना गया था।
पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज भी मिला है, जिसमें नीली शर्ट में एक शख्स दिखाई दे रहा है। पुलिस को शक है कि नीली शर्ट में दिखाई दे रहा है शख्स ही विकास दुबे है। पुलिस को आशंका है कि विकास दुबे दिल्ली-एनसीआर में ही कहीं छिपा है। इस वजह से एसटीएफ और यूपी पुलिस की एक टीम दिल्ली में कैंप कर रही है। इसके साथ ही यूपी के अलग-अलग हिस्सों में सर्च आॅपरेशन चलाया जा रहा है।

विकास की तलाश में गाजीपुर व चंदौली के होटलों में पुलिस ने की छापेमारी
वाराणसी। यूपी के मोस्टवांटेड पांच लाख का इनामी व कानपुर घटना के मुख्य आरोपित विकास दुबे की तलाश में अब पूर्वांचल की पुलिस भी सक्रिय हो गई है। इसी क्रम में बुधवार को चंदौली और गाजीपुर के विभिन्न होटलों की तलाशी ली गई। स्थानीय कोतवाली पुलिस ने गैंगस्टर विकास दुबे की खोज में पीडीडीयू नगर के विभिन्न होटलों में दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने नगर के होटल, लाज, गेस्टहाउस के सभी कमरों की तलाशी ली गई और होटलों में ठहरे हुए सभी लोगों की आईडी चेक की गई। पुलिस का कहना है कि नगर में लगभग 20 होटल, गेस्टहाउस व लॉज है। सभी में बाहर से आए हुए लगभग 50 लोगों की तलाशी ली गई है।
नौ दिन पहले हुई थी अमर दुबे की शादी
हमीरपुर में एसटीएफ और पुलिस के एनकाउंटर में मारा गया अमर दुबे फरार मोस्टवांटेड विकास दुबे का दहिना हाथ कहा जाता है। अमर पर चौबेपुर समेत कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं, उसकी उम्र 23 से 24 साल बताई जा रही है। नौ दिन पहले ही विकास ने लड़की वालों पर दबाव बनाकर घर पर ही उसकी शादी कराई थी।
मुखबिरी के शक में विनय तिवारी हिरासत में
पांच लाख के इनामी बदमाश विकास दुबे के लिए मुखबिरी करने के आरोप में चौबेपुर पुलिस स्टेशन के निलंबित एसओ विनय तिवारी को हिरासत में ले लिया गया है। विनय तिवारी से आज एसटीएफ की टीम पूछताछ कर रही थी। पूछताछ के बाद विनय तिवारी को हिरासत में ले लिया गया है। इसके साथ ही तत्कालीन चौकी इंचार्ज केके शर्मा से भी पूछताछ की जा रही है। केके शर्मा पर भी मुखबिरी का आरोप है। सूत्रों का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सकता है।