विकास के गुर्गों को शरण देने वालों पर शिकंजा, 2 गिरफ्तार


कानपुर। अब विकास के गुर्गों को शरण देने वाले पुलिस की रडार पर हैं। कानपुर पुलिस ने शनिवार सुबह विकास दुबे के गुर्गों को शरण देने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके ऊपर आरोप है कि चौबेपुर थाना क्षेत्र के बिकरू गांव में दो-तीन जुलाई की रात पुलिस बल पर हमले के कई आरोपियों को इन लोगों ने अपने घर में शरण दी। दोनों आरोपी मध्य प्रदेश के ग्वालियर के हैं। इनके ऊपर विकास दुबे के काले कारोबार को आगे बढ़ाने के साथ उसके गुर्गों को शरण देने का आरोप है। पुलिस ने विकास दुबे के दो सहयोगियों ओम प्रकाश के साथ अनिल पांडेय को गिरफ्तार किया है। कानपुर के चौबेपुर थाना की फोर्स ने इनको ग्वालियर से पकड़ा है। ओम प्रकाश पाण्डेय पुत्र छोटेलाल पाण्डेय तथा अनिल पाण्डेय पुत्र चंद्र प्रकाश पाण्डेय के खिलाफ कानपुर के चौबेपुर थाना में केस दर्ज किया गया है।