कांग्रेस नेताओं के यहां आयकर, ईडी के छापे


जयपुर। एक तरफ राजस्थान में कांग्रेस पार्टी में कलह मची है और सरकार के सामने सियासी संकट खड़ा है इसी बीच पार्टी के कई नेताओं और पार्टी नेताओं के करीबियों के यहां आय कर के छापे पड़ गए। सोमवार को कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष और आम्रपाली ज्वैलरी फर्म के मालिक राजीव अरोड़ा और कांग्रेस नेता धर्मेंद्र राठौड़ के यहां आयकर विभाग ने छापे मारे। राजस्थान, दिल्ली और महाराष्ट्र में इन दोनों नेताओं के 24 परिसरों पर कार्रवाई की गई। कांग्रेस ने राजनीतिक मकसद से छापे मरवाने का आरोप लगाया है।

इन दोनों नेताओं को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का बेहद करीबी माना जाता है। वे पार्टी का चुनाव प्रबंधन का काम देखते हैं। ईडी ने जयपुर के पास कूकस स्थित होटल फेयर माउंट में भी छापा मारा। यह होटल अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत के करीबी का है। बीज निगम के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ के जयपुर स्थित अपार्टमेंट पर छापेमारी हुई। सूत्रों के अनुसार, ये छापे टैक्स चोरी की शिकायत को लेकर मारे गए हैं।

राजस्थान में सरकार गिराने की कोशिशों के बीच हुई इस छापेमारी पर सियासत शुरू हो गई। कांग्रेस ने कहा कि भाजपा गलत तरीके अपना रही है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि गहलोत के करीबी कुछ निर्दलीय विधायकों के घरों और फर्मों पर भी छापे मारे जा सकते हैं।  कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि भाजपा की ओर से हर बार जांच एजेंसियों को आगे किया जाता है। सुबह से ही कांग्रेस के साथियों पर इस तरह से छापेमारी करवाकर डराने की कोशिश की जा रही है।