24 घंटे में 28498 नए केस, 553 की मौत


नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस से स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बीते 24 घंटों के दौरान 17,988 मरीज ठीक हुए हैं। हालांकि, इस दौरान 28,498 नए मामले भी सामने आए हैं। देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 9 लाख के पार पहुंच गई है। इसमें से अब तक 5.53 लाख से ज्यादा मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। वहीं, सक्रिय मामलों से स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या 2,59,894 हो गई है। स्वस्थ हुए मरीजों की दर बढ़कर 63.02 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस के 28,498 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 553 लोगों की मौत हुई है। देश में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 9 लाख 06 हजार 752 हो गई है। इसमें से 3 लाख 11 हजार 565 एक्टिव मामले हैं, जबकि 5 लाख 71 हजार 460 लोग स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं। जानलेवा वायरस से अबतक देश में कुल 23,727 लोगों की जान जा चुकी है। इंडियन काउंसिल आॅफ मेडिकल रिसर्च ने बताया है कि 13 जुलाई तक देश में कोरोना के 1 करोड़ 20 लाख 92 हजार 503 सैंपल्स का टेस्ट किया जा चुका है। इनमें से 2 लाख 86 हजार 247 सैंपल्स का टेस्ट बीते 24 घंटों मे किया गया है। देश में कोरोना वायरस के मामलों को एक लाख तक पहुंचने में 110 दिन लगे थे, लेकिन नौ लाख के निशान को पार करने में सिर्फ 56 दिन लगे हैं।
कोरोना वायरस से 24 घंटों में देश भर में हुई 553 मौतों में से 193 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई है, कर्नाटक में 73 लोगों की मौत, तमिलनाडु में 66, दिल्ली में 40, आंध्र प्रदेश में 37, पश्चिम बंगाल में 24, उत्तर प्रदेश में 21, बिहार में 17, राजस्थान में 15, गुजरात और मध्य प्रदेश से 10-10 लोगों की मौत हुई है। वहीं, तेलंगाना में नौ लोगों की मौत हुई है, जम्मू और कश्मीर में आठ, हरियाणा में सात, ओडिशा कमें छह, पंजाब में पांच, झारखंड और गोवा में तीन-तीन, केरल और उत्तराखंड में दो-दो, जबकि असम, दादरा और नागर हवेली, दमन और दीव में एक-एक लोगों की मौत दर्ज की गई है।

बिहार में एक साथ भाजपा के 75 नेता व कर्मचारी पॉजिटिव
पटना। बिहार बीजेपी में कोरोना को लेकर हड़कंप मचा हुआ है। एक साथ 75 नेता और कर्मचारी पॉजिटिव पाए गए हैं। कल सबका सैंपल लिया गया था। आज सुबह जांच रिपोर्ट आई है। कल 100 लोगों का सैंपल लिया गया था। संगठन महामंत्री नागेंद्र की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। नागेंद्र का कुछ माह पहले हार्ट का आॅपरेशन हुआ है। प्रदेश महासचिव देवेश कुमार की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उपाध्यक्ष राजेश वर्मा, पूर्व एमएलसी राधामोहन शर्मा भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। बीजेपी दफ्तर में काम करने वाले 3 कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
बिहार बीजेपी का प्रदेश कार्यालय संक्रमण क्षेत्र बन गया है। दफ्तर में सफाई करने वाले 3 कर्मी भी पॉजिटिव मिले हैं। हाल में क्षेत्रीय बैठक के दौरान नेताओं के संक्रमित होने की बात सामने आ रही है।