नीतीश कुमार ही होंगे NDA के उम्मीदवार


पटना। भाजपा महासचिव और बिहार के प्रभारी भूपेंद्र यादव का कहना है कि राज्य विधानसभा के आगामी चुनाव में ‘‘विनेबिलिटी’’ यानी जीत की क्षमता के आधार पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों के बीच सीटों का ‘‘सम्मानजनक’’ बंटवारा होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहार में गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री का चेहरा नीतीश कुमार ही होंगे और केंद्र में भाजपा की नीतियों और बिहार में राजग सरकार की उपलब्धियों के आधार पर यह गठबंधन मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगा। ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में यादव ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव पर भी करारा हमला किया और कहा कि बिहार विधानसभा का चुनाव ‘‘भारत निर्माण’’ की लड़ाई  है ना कि ‘‘किसी परिवार’’ को सत्ता और सिंहासन पर पहुंचाने की।  राजग के घटक दलों के बीच सीटों के बंटवारे के फार्मूले के सवाल पर भाजपा महासचिव ने कहा, ‘‘तीनों दलों में आपस में बातचीत चल रही है। सम्मानपूर्वक तरीके से गठबंधन में ‘विनेबिलिटी’ को देखते हुए हम सीटों को आपस में वितरित करेंगे और सही समय पर इसका निर्णय हो जाएगा।’’ यादव पिछले दिनों बिहार दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने संगठन स्तर पर कई बैठकें की और साथ ही गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और लोजपा नेता चिराग पासवान से भी अलग-अलग चर्चा की। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा, जदयू और लोजपा का गठबंधन मजबूती के साथ बिहार के चुनाव में उतरेगा। केंद्र में भाजपा की नीतियों और बिहार में गठबंधन सरकार की उपलब्धियों के आधार पर हम चुनाव लड़ेंगे।’’