रोक के बाद भी रहीम शाह मस्जिद पहुंचे नमाजी


वाराणसी (काशीवार्ता)। मस्जिद में जाकर ईद- उल- फित्र की नमाज पढ़ने पर प्रशासनिक रोक के बावजूद आज सुबह बेनिया स्थित एक मस्जिद में नमाज पढ़ने के लिये दो दर्जन से अधिक लोग पहुंच गये। इसी दौरान सूचना मिलने पर जब पुलिस पहुंची तो सभी भाग खड़े हुये। पुलिस ने तत्काल मस्जिद के मुख्य द्वार को बंद करा दिया। बावजूद इसके इक्का- दुक्का नमाजी वहां पहुंचते रहे और मुख्य द्वार के समीप ही खड़े होकर नमाज अदा की।
जानकारी के अनुसार वैश्विक महामारी के चलते शारीरिक दूरी बनाये रखने के उद्देश्य से शासन के निर्देश पर स्थानीय प्रशासन ने मस्जिदों में जाकर ईद की नमाज पढ़ने पर रोक लगा दी है। इस दौरान प्रमुख मस्जिदों में सिर्फ पांच लोगों को ही नमाज अदा करने की अनुमति दी गयी है। इस व्यवस्था को कायम रखने के लिये प्रशासन की ओर से सभी प्रमुख मस्जिदों पर समुचित फोर्स की तैनाती का निर्देश दिया गया था परन्तु बेनिया तिराहे के समीप रहीम शाह की मस्जिद पर एक भी पुलिसकर्मी की तैनाती नहीं की गयी। इसका फायदा उठाकर आज लगभग 9.30 बजे करीब दो दर्जन से अधिक लोग मस्जिद में नमाज अदा करने पहुंच गये। किसी सूत्र से मिली सूचना पर पहुंची चौक पुलिस को देख सभी नमाजी भाग खड़े हुये। बाद में मस्जिद के मुख्य द्वार पर पुलिस बल की तैनाती की गयी। इसके बावजूद कुछ उत्साही लोग रुक- रुककर वहां पहुंचते रहे और मस्जिद के मुख्य द्वार पर ही नमाज अदा करते रहे। इस दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही।