बंगाल तट के बेहद करीब पहुंचा एम्फन


नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात एम्फन बंगाल तट के बेहद करीब पहुंच गया है। दोपहर के बाद यह चक्रवात जमीन से टकराएगा। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात सुबह 11.30 बजे दीघा से 125 किमी दूर दक्षिण-पूर्व में केंद्रित रहा। इससे पहले आइएमडी कोलकाता ने जानकारी दी थी कि चक्रवात दीघा से 177 किमी दूर दक्षिण-पूर्व में केंद्रित रहा। इसके कोलकाता के करीब उत्तर उत्तरपूर्व की ओर बढ़ने की संभावना है। चक्रवात के मई 21 की सुबह तक तीव्र रहने की संभावना है। एनडीआरएफ के प्रमुख एसएन प्रधान ने कहा कि ओडिशा के तटीय इलाकों के पास हवा की गति बढ़ी है और पारादीप में लगभग 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है। पश्चिम बंगाल में हवा इतनी तेज नहीं है। ओडिशा ने बालासोर और भद्रक और पश्चिम बंगाल से लगभग 1.5 लाख लोगों को निकाला है। 3.3 लाख से अधिक लोगों को निकाला गया है। उन्होंने कहा, ‘हमारा ध्यान लैंडफॉल के समय और संभावित गति पर ध्यान है। इस दौरान 4 से 5 मीटर की समुद्री लहरें उठने के आसार हैं। एनडीआरएफ की टीमें स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर रही हैं। ओडिशा और पश्चिम बंगाल में 41 टीमें तैनात हैं।’ इससे पहले भारतीय मौसम विभाग ने जानकारी दी थी कि चक्रवात एम्फन आज सुबह 10.30 बजे ओडिशा के पारादीप से 120 किलोमीटर दूर था। यह चक्रवात आज दोपहर के बाद बंगाल के दीघा-हातिया तट पर सुंदरवन के पास स्थल भाग से टकराएगा। इस दौरान हवा की गति 155-165 किलोमीटर प्रतिघंटा से 185 किलोमीटर होने की संभावना है।