सफाई के जिम्मेदारों के घर ही फैली है गंदगी


(रामयश मिश्र)
वाराणसी(काशीवार्ता)। नगर को साफ सुथरा रखने की जिम्मेदारी जिस विभाग की है उन अधिकारियों के घर के सामने ही गंदगी का अंबार लगा हुआ है। जी हां हम बात कर रहे हैं नगर के जलकल विभाग की, जिसकी जिम्मेदारी पूरे शहर की सीवर व्यवस्था को ठीक रखना है। आज पूरे बनारस की सीवर व्यवस्था भगवान भरोसे है और हो भी क्यों नहीं जिनके कंधे पर नगर के सीवर व्यवस्था को ठीक रखने की जिम्मेदारी है वह अपने घर के सामने बहते सीवर को ठीक नहीं करा पा रहे हैं। भदैनी स्थित जलकल परिसर में विभाग के अधिकारियों का निवास स्थान भी है। विगत कई महीने से जलकल परिसर का सीवर जाम है। सीवर जाम होने के कारण मल जल सड़क पर ही बह रहा है। सबसे बड़ी बात है कि जलकल के अधिकारियों के क्वार्टर के सामने सीवर का मलजल बह रहा है और ये अधिकारी इस मल जल से होकर ही रोज आते जाते हैं। लेकिन उसको ठीक नहीं करा पा रहे हैं। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि जब जलकल के अधिकारी अपने घर के सामने बहते सीवर को ठीक नहीं करा सकते तो जनता का भगवान ही मालिक है।
परिसर में लगा है गंदगी का अंबार
जल कल के आवासीय परिसर में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। नियमित साफ-सफाई नहीं होने से परिसर में जगह-जगह कूड़े का ढेर लगा हुआ है। सबसे बड़ी बात यह है कि इस जल कल के बाहर पंपिंग स्टेशन से ही आधे शहर का पानी की आपूर्ति भी की जाती है।