प्रचंड गर्मी रिकार्ड तोड़ने को बेताब


वाराणसी(काशीवार्ता)। प्रचंड गर्मी इस बार मई में ही रिकार्ड तोड़ने पर आमादा है। कल वाराणसी का अधिकतम तापमान जहां 45.8 डिग्री दर्ज हुआ तो आज दिन में 11 बजे ही तापमान 42 डिग्री पार कर गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक डा. एस एन पांडेय ने बताया कि यही हाल रहा तो 31 मई 2019 का अधिकतम तापमान 46.1 डिग्री का रिकार्ड भी शीघ्र ही टूट जाएगा। उन्होंने बताया कि आज भी तापमान 46 के आसपास रहने वाला है। जबकि न्यूनतम तापमान भी 30 डिग्री के आसपास घूम रहा। भीषण गर्मी का अनुमान लगाते हुए मौसम वैज्ञानिकों ने यूपी में पहले ही आरेंज एलर्ट घोषित भी कर दिया है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो 28 व 29 मई को आंधी संग कुछ इलाकों में वर्षा के भी आसार बन रहे हैं, जिसके बाद तापमान में कुछ कमी आ सकती है। आज भी आसमान में बादल दिखे, लेकिन वातावरण में नमी बेहद कम होने के कारण वह बेअसर ही साबित हुए। सुबह से प्रचंड गर्मी का असर गांव से शहर तक देखा गया। गर्मी से बेहाल होकर लोग शीतलता की तलाश में बाग बगीचों के अलावा छांव खोजते इधर-उधर भटक रहे थे। भीषण तपिश होने के कारण कूलर पंखे भी अब बेअसर साबित होने लगे है। अगले 10 दिन के मौसम पर नजर डालें तो बादलों की आवाजाही के बीच शुक्रवार से तापमान कुछ नीचे आ सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 38 डिग्री व न्यूनतम तापमान 28 डिग्री के बीच होने के कारण राहत नहीं मिलेगी। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो यह सिलसिला अगले मंगलवार तक बरकरार रहेगा। आज 15 से 20 किलोमीटर की रफ्तार से आ रही गर्म हवाएं लू का एहसास करा रही थी। दोपहर में आसमान से अंगारे बरस रहे थे। दोपहर साढ़े 12 बजे ही तापमान 44 डिग्री पहुँच गया। जिसके और बढ़ने की उम्मीद बनी हुई थी। इसके चलते आम आदमी संग पशु-पक्षी भी बेहाल नजर आए।