डीएम व एसपी ने लिया मतदान केन्द्रों का जायजा, दिये निर्देश


मिर्जापुर(काशीवार्ता)। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार व पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह ने आज विभिन्न मतदान स्थलों का जायजा लिया। उन्होंने शांतिपूर्ण व निष्पक्ष मतदान की अपील करते हुए मतदानकर्मियों को आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने नगर के ए.एस. जुबली इंटर कालेज में हो रहे मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया और शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए कर्मियों को दिशा निर्देश दिये। मिर्जापुर में एक बजे तक 38.10 प्रतिशत मतदान हुआ था जिसमें विधानसभा छानबे में 36.68, सदर में 35.30, मझवां मे ं39.60, चुनार में 40.20, मड़िहान में 38.73 प्रतिशत मत डाले गये थे। इसके पूर्व मिर्जापुर में सुबह 11 बजे तक 23.1 प्रतिशत मतदान हुआ था। जिसमें विधानसभा छानबे में 21.07, मीरजापुर में 22.93, मझवां में 27.8, चुनार में 24.5 तथा मड़िहान में 20.02 प्रतिशत मत डाले गये थे। जनपद के विभिन्न मतदान केन्द्रों पर सुबह से मतदान करने वालों का समूह पहुंच रहा था।
इनमें पहली बार मतदान करने वाले युवक व युवतियों में विशेष उत्साह था। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी लगातार चक्रमण कर रहे थे। वहीं बूथों पर तैनात सुरक्षाकर्मी बेवजह घूम रहे लोगों को वहां से हट जाने की हिदायत दे रहे थे। गंगा देवी बालिका इंटर कॉलेज अहरौरा बूथ नंबर 255 पर राजू सिंह ने प्रथम वोट किया। अहरौरा नगर पालिका परिषद क्षेत्र वार्ड संख्या 22 पटवा टोला के निवासी राजू सिंह स्वर्गीय माया सिंह के द्वारा बूथ संख्या 255 पर प्रथम वोट किया गया।