काशी में पर्यटन को ऊंचाई देने वालों का सम्मान


वाराणसी(काशीवार्ता)। वैश्विक वाणिज्य में पर्यटन की प्रमुख भूमिका है। यह कई देशों की अर्थव्यवस्था की धुरी है। विभिन्न संस्कृतियों से परिचय पर्यटन के माध्यम से सरल हो जाता है। साथ ही एक यात्री के अपने मेजबान से बेहतर मेल मिलाप का भी कारण बनता है। अत: पर्यटन व इससे जुड़े उद्योग को प्रोत्साहित करते हुए इसे चलाने वाले व्यक्तित्व का समय-समय पर उत्साहवर्धन करना चाहिए। ये बातें सोमवार को विश्व पर्यटन दिवस पर दशाश्वमेध स्थित मानमहल आब्जर्वेटरी में विप्र फाउन्डेशन द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि धर्मार्थ, संस्कृति व पर्यटन राज्यमंत्री डा.नीलकंठ तिवारी ने कही। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से पूरे वाराणसी शहर में पर्यटन विभाग द्वारा कई महत्त्वपूर्ण कार्य किये जा रहे हैं। इसका आकर्षण सैलानियों को अपनी ओर खींच लाता है। कार्यक्रम की शुरूआत वैदिक विद्वान पं. मुकेश त्रिपाठी व पं. अनूप शर्मा के आचार्यत्व में मंगलाचरण से किया गया। संयोजक पवन शुक्ला ने कहा कि अब काशी की पहचान देश ही नहीं अपितु पूरे विश्व में अनुपम स्थान रख रही है। यहां की कला व संस्कृति और अपनत्व सा व्यवहार पर्यटकों को अनयास ही अपने पास खींच लाती है। जो सैलानी एक बार यहाँ आया दोबारा फिर आने की चाह रखता है। आज इको टूरिज्म को बढ़ावा दिया जा रहा है जिसमें रोजगार की प्रबल सम्भावना दिखलायी देती है। पर्यटन व इससे जुड़े लोगों के उत्साह के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में अपनी उपलब्धि प्राप्त व्यक्तियों को पर्यटन मंत्री द्वारा सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वालों में पंडित किशोरी रमण दूबे (संस्थापक, गंगोत्री सेवा समिति), शशिधर इस्सर सलाहकार संपादक काशीवार्ता, विजय द्विवेदी (होटल व्यवसायी), अनिल सिंह (असिस्टेंट आर्कियोलॉजिस्ट, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण), मंजरी मालवीय (संचालिका, अलखनंदा क्रूज), अभिषेक शर्मा (टूरिस्ट गाइड), अखिलेश प्रताप सिंह (पर्यटक), मंटू उपाध्याय (पर्यटक) आदि थे। कार्यक्रम का संयोजन विशाल औढ़ेकर व प्रदीप पांडेय ने किया। उपस्थित अन्य प्रमुख लोगों में बनारस होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष गोकुल शर्मा, विनय यादव, आलोक मिश्र, प्रकाश गुप्ता, जितेंद्रधर द्विवेदी, अनूप जायसवाल, नवीन कसेरा आदि थे।
विश्व पर्यटन दिवस पर निकली पदयात्रा
विश्व पर्यटन दिवस पर आज वाराणसी टूरिज्म गिल्ड द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। सर्व प्रथम टूरिज्म फार इंक्लूसिव ग्रोथ ( समावेशी विकास के लिए पर्यटन) की पद यात्रा होटल ताज से प्रात: 8 बजे मुख्य अतिथि अर्यमा सान्याल द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। पद यात्रा में बी एच यू के, विद्यापीठ पर्यटन विभाग,बसंता कॉलेज के पर्यटन विभाग के छात्र एवं शिक्षक, नाविक, गाइड, होटल के सदस्य आदि शमिल हुए। पद यात्रा होटल ताज से शुरू होकर कैंटोनमेंट होकर कचहरी स्तिथ शास्त्री घाट पर समाप्त हुई। इसी कड़ी में वाराणसी टूरिज्म गिल्ड एवं एयरपोर्ट अथॉरिटी के संक्युत तत्वाधान में एयरपोर्ट पर आगंतुक यात्रियों का तिलक और माला से स्वागत किया गया। साथ ही मंगल ध्वनि सितार,तबला, शहनाई के मधुर संगीत से यात्रियों को काशी की संस्कृति से रुबरु कराया गया। संचालन सचिव सुभाष कपूर और धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष पंकज सिंह ने दिया और साथ ही यह भी बताया कि वाराणसी के उनके ही गाइड डाक्टर अनिल चतुर्वेदी को आज ही लखनऊ मे मुख्यमंत्री योगी द्वारा पर्यटन क्षेत्र में विशेष कार्य के लिए सम्मान दिया जा रहा है। सायंकाल बजे राष्ट्रीय सरोकार मंच एवं वाराणसी टूरिज्म गिल्ड के सदस्यो द्वारा कचहरी स्थित शास्त्री घाट पर विश्व शांति हेतु एवं कोरोना महामारी में जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई उनको दीपदान कर श्रद्धांजलि दी जायेगी।