मोदी ने तकनीक को लोगों तक ले जाने पर दिया बल


नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जलवायु परिवतर्न को देखते हुए आधुनिक तकनीक और उपकरणों को लोगों तक ले जाने पर बल दिया। मोदी ने कहा कि इससे फसल लागत कम होगी। मोदी ने जलवायु परिवर्तन को देखते हुए विशेष गुणों वाली विकसित 35 फसल प्रजातियों को जारी करने और राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान का उद्घाटन के समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि नयी परिस्थितियां न केवल फसलों, बल्कि पशुधन के लिए भी चुनौती है।

उन्होंने कहा कि मौसम की चुनौतियो को रोकने में सक्षम अधिक पौष्टिक तत्व वाली फसलों, बीमारियों में सुरक्षित किस्मों पर ध्यान दिया जा रहा है। कीड़ों से भी फसलों को नुकसान होता है। इसके लिए सुरक्षा कवच का दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि 11 करोड़ से अधिक किसानों को स्वास्थ्य कार्ड जारी किया गया है। इससे उन्हें कृषि लागत में बचत हो रही है। अनावश्यक उर्वरक और कीटनाशकों का प्रयोग नहीं करना पड़ता है।