सीवर समस्या से परेशान लोगों ने किया चक्काजाम


वाराणसी(काशीवार्ता)। बारिश के कारण सीवर और नाली जाम होने से नाराज सरायनंदन मोहल्ले के लोगों ने सोमवार की सुबह चक्काजाम कर हंगामा कर दिया। क्षेत्रीय पार्षद मदनमोहन तिवारी के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ पहुंचे अधिकारियों ने पहले लोगों को धमकाने की कोशिश की। लेकिन लोग जब गिरफ्तारी देने पर अड़ गये तो अधिकारी बैकफुट पर आ गये। कुछ देर बाद जब सीवर और नाली की सफाई का काम शुरू हुआ तब जाम समाप्त हुआ। सरायनंदन के लोग पिछले कई दिनों से सीवर और नाली जाम की समस्या से परेशान थे। जगह-जगह कीचड़ और गंदगी से नारकीय स्थिति हो गई थी। लोगों ने क्षेत्रीय सभासद से शिकायत की। सभासद ने भी सम्बंधित अधिकारियों से वार्ता की लेकिन कोई ध्यान नही दिया गया। इससे बौखलाये लोग सुबह सात बजे घरों से बाहर निकल आये। फिर सभासद की अगुवाई में जाम लगा दिया। प्रशासन विरोधी नारेबाजी के बीच पुलिस पहुंची और लोगों को जाम समाप्त करने के लिए कहा। लेकिन लोगों ने कहाकि जबतक हमारी समस्या का समाधान नही होता हम नही हटेंगे। इस पर पुलिसकर्मी उन्हें धमकाने की कोशिश करने लगे। यह देख लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। वह गिरफ्तारी देने के लिए तैयार हो गये। इस दौरान नगर निगम और जल संस्थान के अधिकारी पहुंचे। वार्ता के बाद अधिकारियों ने मौके पर प्रेशर मशीन मंगवाया। सीवर और नाली की सफाई का काम शुरू हुआ तब लोगों ने जाम समाप्त किया। जाम सुबह सात से दोपहर 12 बजे तक चला। चक्काजाम में सत्यनारायण गुप्ता, गोपाल प्रसाद गुप्ता, रवि गुप्ता, जयभारत, महेंद्र, कमलेश, विजय, प्रकाश आदि रहे।
पहुंचे अधिकारी, सीवर सफाई शुरू हुई तब लोगों ने किया जाम समाप्त