पोस्टमैन की बेटी के मंत्री बनने पर जश्न


गाजीपुर (काशीवार्ता)।छात्र राजनीति से सियासत में कूदी सदर विधानसभा की भाजपा डा. संगीता बलवंत योगी सरकार में मंत्री बन गईं। वह लगभग साढ़े चार वर्षों से मंत्री बनाई जा रही थीं। लेकिन संगीता के लिए रविवार की तारीख खुशियां लेकर आईं। संगीता के मंत्री बनने से पूरी भाजपा के साथ ही लहुरीकाशी गदगद है, क्योंकि अभी तक भाजपा का कोई भी विधायक योगी सरकार में मंत्री नहीं था। जबकि पूर्व की सपा की सरकार में चार चार मंत्री यहां पर विकास की बात करते थे। सियासी पंडितों का मानना है कि यह संगीता के लिए काटों भरा ताज होगा। उन्हें तीन महीने में कुछ ऐसा करके दिखाना होगा ताकि जिले के साथ साथ उनके अनुभव का लाभ भाजपा को मिल सके। बिंद समाज के साथ ही उनके समर्थक आधी रात तक पटाखा फोड़ते रहे, और पूरी भाजपा जश्न में डूबी रही। लखनऊ में भी उनके सैकड़ों समर्थक पहुंचकर बधाई दिये। किसान मोर्चा के प्रदेश कोषाध्यक्ष डा. विजय यादव ने संगीता बलवंत को मंत्री बनने की बधाई दी। इसके साथ ही भाजपा एमएलसी विशाल सिंह चंचल, जमानियां सुनीता सिंह मुहम्मदाबाद अलका राय समेत भाजपाइयों ने संगीता को बधाई देकर खुशी का इजहार किया है। सदर विधायक डॉ. संगीता बलवंत का पूरा नाम संगीता बलवंत बिंद है। संगीता बलवंत का जन्म गाजीपुर शहर में हुआ। इनके पिता रामसूरत बिंद रिटायर्ड पोस्टमैन थे। संगीता को छात्र जीवन में पढ़ाई और कविता का शौक रहा है। छात्र जीवन से ही वह राजनीति में सक्रिय हैं।वो स्थानीय पीजी कॉलेज, गाजीपुर छात्रसंघ की उपाध्यक्ष भी रही हैं। जमानियां क्षेत्र से निर्दल जिला पंचायत सदस्य भी रही हैं। वर्तमान में गाजीपुर सदर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक हैं। संगीता बलवंत का विवाह जमानियां कस्बा निवासी होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. अवधेश से हुआ। योगी कैबिनेट में उन्हें राज्य मंत्री बनाया गया है। रविवार शाम उन्होंने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। भाजपा जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा ही एक ऐसा राजनीतिक दल है, जहां हर कार्यकर्ता को समान अवसर प्राप्त है। उन्होंने कहा कि संगीता बलवंत को मंत्री बनने से जिले के विकास को बल मिलेगा। पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने कहा कि संगीता बलवंत के मंत्री बनने पर सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के विचार को मजबूती मिली है। जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा ने कहा कि मंत्री बनना संगीता बलवंत के मिलनसार व्यक्तित्व, योग्यता एवं कुशलता का परिणाम है। भाजपा सोशल मीडिया विभाग के जिला संयोजक कार्तिक गुप्ता ने कहा कि पूर्वांचल के ख्यातिलब्ध महाविद्यालय की उपाध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य और फिर सदर विधायक का सफर तय करने के बाद आज उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री तक का सफर उनकी उत्कृष्ट कार्यपद्धति को दर्शाता है।