सपा में पैदा हुआ और इसी के झंडे में निकलेंगे प्राण: सिबगतुल्लाह


xगाजीपुर(काशीवार्ता)। सपा कार्यालय लोहिया भवन पर सोमवार को स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुहम्मदाबाद के पूर्व विधायक सिबगतुल्लाह अंसारी अपने पुत्र मन्नू अंसारी के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद सपा कार्यालय पर स्वागत किया गया। हैदरा से पूर्व विधायक सिवगतुल्लाह अंसारी का काफिला जंगीपुर विधायक डा. वीरेंद्र यादव की मौजूदगी में प्रारंभ हुआ। मटेंहू, मरदह, बरहीं, भड़सर, बिरनो, जंगीपुर होते हुए काफिला पार्टी कार्यालय लोहिया भवन पर पहुंचा। यहां पर उनका भव्य स्वागत किया गया।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष रामधारी यादव ने कहा कि सिबगतुल्लाह अंसारी के पार्टी में शामिल होने से दल काफी मजबूत हुआ है। उनके आने से समाजवादी पार्टी जनपद की सातों विधानसभा सीट पर चुनाव जीतने के अलावा पूर्वांचल की अधिकतम सीटों पर पार्टी अपना झंडा फहराएगी और अखिलेश को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का रास्ता प्रशस्त करेगी। अपने स्वागत से अभिभूत सिबगतुल्लाह अंसारी ने कहा कि देश-प्रदेश की सत्ता पर हुकूमत कर रही तानाशाही सरकार को हटाने में केवल और केवल समाजवादी पार्टी ही सक्षम है। अखिलेश के अलावा भाजपा के खिलाफ प्रदेश में कोई भी राजनीतिक दल संघर्ष नहीं कर रहा है। हमारा समाजवादी पार्टी में शामिल होने का मकसद भाजपा की जुल्मी, तानाशाही और सांप्रदायिक सरकार को उखाड़ फेंकना और अखिलेश के हाथों को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की दमनकारी नीतियों से पूरा प्रदेश भयाक्रांत है। सरकार के खिलाफ उठने वाली हर आवाज को सरकार पुलिस और प्रशासन के बल पर दबाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के झंडे में ही पैदा हुआ था, अब मरूंगा भी समाजवादी पार्टी के झंडे में ही। अब मैं घर जाकर सोने का काम नहीं करूंगा, बल्कि घर-घर जाकर समाजवाद का अलख जगाने का काम करूंगा और तब सोऊंगा, जब अखिलेश को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प पूरा नहीं कर लूंगा। इस मौके पर जंगीपुर विधायक डा. वीरेंद्र यादव, पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह, पूर्व विधायक विजय कुमार, कालीचरण राजभर, राजेश कुशवाहा, सुदर्शन यादव, डा. नन्हकू यादव, रामधारी यादव, जैकिशन साहू, मन्नू अंसारी, सलमान अंसारी, रामवृक्ष यादव, मन्नू सिंह, रितेश सिंह, आशू दुबे, रामवचन यादव प्रधान, निजामुद्दीन खां आदि मौजूद रहे।ं७