भाजपा शासन में प्रतिभाशाली युवा निराश है: अखिलेश


लखनऊ। समाजवादी पार्टी(सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) सरकार ने करोड़ों युवाओं की आशाओं, सम्भावनाओं और प्रतिभाओं को निराश किया है।

यादव ने आज यहां जारी बयान में कहा कि युवकों का भविष्य अंधेरे में है। भाजपा शासन में प्रतिभाशाली युवा निराश है। रोजगार के अवसर न सृजित हो रहे हैं और नहीं उसकी सम्भावनाएं हैं।

भाजपा सरकार नौजवानों के सपनों को तोड़ने वाली सरकार साबित हो रही है। कई करोड़ के रोजगार बांटने का दावा करने वाली भाजपा किस क्षेत्र में किसको कितना रोजगार दिया इसके आंकड़े देने से क्यों घबराती है। उन्हाेने कहा कि बाहर से आये युवा प्रतिभाओं में तकनीशियन, एक्जीक्यूटिव और विभिन्न विधाओं के जानकार और विशेषज्ञ भी शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पूंजीनिवेश केवल कागजों पर एमओयू में आया है। जमीन पर एक भी उद्योग नहीं लगा। मनरेगा में खुदाई का काम भी डिग्रीधारक युवकों के लिए रोजगार की तरह प्रचारित किया जा रहा है। पढ़े-लिखे नौजवानों के साथ इससे बड़ा छल और धोखा क्या होगा।

यादव ने कहा कि ग्रामीण और कुटीर उद्योगों के जरिए स्वावलम्बन की दिशा में समाजवादी पार्टी ने कदम उठाए थे। अवध शिल्प ग्राम की स्थापना की थी। बुनकरों को तमाम रियायते दी थी। जिलों के हुनर को प्रोत्साहित किया था। समाजवादी सरकार की कोशिश थी कि स्थानीय उद्यमियों को नई तकनीक से जोड़ा जाए। उन्हें कौशल प्रशिक्षण का लाभ मिल रहा था। चक गंजरिया क्षेत्र में आईटी हब बनाने के पीछे रोजगार के नए साधन मुहैया करने की भावना थी।