पुरुवा हवा से बदला मौसम, आंधी-बारिश के आसार


वाराणसी। पश्चिमी विक्षोभ का असर पूर्वी उत्तर प्रदेश पर हावी होने लगा है, जिसके चलते आसमान में आंशिक बादल छाए हुए हैं। बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो. एसएन पांडेय ने बताया कि एक या दो दिन में पूर्वांचल के कई इलाकों में गरज चमक के साथ वर्षा के आसार है। कहीं हल्की तो कहीं मध्यम वर्षा व धूल भरी आंधी भी आ सकती है। बता दें कि 2 दिन पूर्व वाराणसी का अधिकतम तापमान 46 डिग्री तक चला गया था आज दोपहर 12 बजे यह 37 डिग्री के आसपास था। दो दिन में 9 डिग्री तापमान लुढ़कने से लोगों को थोड़ी राहत जरूर हुई, लेकिन शहर के कंक्रीट के जंगल वाले इलाकों में यही तापमान 4 डिग्री ज्यादा महसूस किया जा रहा था। हालांकि बाद में तापमान 2 डिग्री बढ़कर 39 डिग्री पर चला गया। मौसम विज्ञानी की मानें तो आज भी 3 बजे तक तापमान 43 डिग्री के आसपास तक जा सकता है। दो दिन पूर्व अधिकतम तापमान 46 डिग्री
रहा तो कल यह 44.68 डिग्री पर खिसक गया।
रात में कुछ स्थानों पर आंधी संग वर्षा की कुछ बूंदे भी जरूर गिरी तो राहत हो गई। आज सुबह 10 बजे तापमान 28 डिग्री हुआ तो कुछ देर बाद यह 37 डिग्री के ऊपर चला गया। आसमान में आंशिक बादल के साथ 18 किलोमीटर की रफ्तार से पुरुवा हवाएं चल रही हैं । आज सूर्योदय 5:08 पर हुआ तो सूर्यास्त 6.43 तक लोगों को तपन उमस से परेशानी होनी तय हो गई थी। आगामी 10 दिनों के मौसम पर नजर दौड़ायें तो एक या 2 दिन में वर्षा आंधी के साथ मौसम फिर अपनी रफ्तार पकड़ लेगा। आगामी 3 जून से आसमान में बादलों का घनत्व एकबार फिर से बढ़ जाएगा। प्री मानसून के आने के पूर्व भारतीय मौसम ऐसे ही करवट बदलता रहेगा। पूर्ण मानसून आने के पूर्व काशी में एकबार फिर भीषण उमस वाली गर्मी भी ज्यादा सताने वाली है।