अपहरण के बाद महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म


मेरठ। जनपद के सरधना क्षेत्र में सोमवार को एक सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी दुष्कर्म के बाद पीड़िता को गंगनहर में फेंक कर फरार हो गए। पीड़िता ने किसी तरह गंगनहर से निकल कर अपनी जान बचाई। उधर, घटना की जानकारी लगने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल की। बताया गया कि गाजियाबाद जनपद में मुरादनगर के एक गांव निवासी महिला का रविवार देर रात उसकी ससुराल के घर से अपहरण कर लिया गया। अपहरण के बाद आरोपियों ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपियों ने महिला को अटेरना पुल के पास गंगनहर में फेंक दिया। वहीं दो युवक सोमवार सुबह जंगल में खेतों पर काम करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने बदहवास हालत में एक महिला को पड़े देखा। उन्होंने महिला से जानकारी की तो उसने बताया कि उसका अपहरण कर लिया गया था। इस दौरान पीड़िता ने आपबीती भी बताई। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी लगने पर सरधना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सीएचसी ले गई। थानाध्यक्ष उपेंद्र मलिक का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है।