अघोेरेश्वर भगवान राम का 85वां जयंती पर्व हर्षोल्लास के साथ मना


वाराणसी(काशीवार्ता)। पड़ाव स्थित अघोर पीठ, श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान देवस्थानम् अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम के पुनीत प्रांगण में परमपूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी का 85वां जयंती पर्व संस्था के अध्यक्ष औघड़ गुरुपद संभव राम जी के सान्निध्य में सादगी से आश्रम में निवास करने वाले श्रद्धालुओं, संस्था के पदाधिकारियों तथा कुछ स्थानीय श्रद्धालुओं की उपस्थिति में श्रद्धा एवं भक्तिमय वातावरण में हर्षोल्लास पूर्वक मनाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को आश्रम प्रांगण की साफ-सफाई व श्रमदान के उपरांत पूज्यपाद औघड़ गुरुपद संभव राम ने 8 बजे गणेश पीठ स्थित परमपूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी के आसन का विधिवत पूजन किया। इसके बाद पृथ्वीपाल ने सफलयोनि का पाठ किया। पाठ के उपरांत पूज्यपाद बाबा ने चिरकुट देवी विहार पर हवन का कार्यक्रम संपन्न किया। श्रद्धालुजन दर्शन-पूजन करके अन्नपूर्णा नगर में जाकर प्रसाद ग्रहण किये। रविवार, 13 सितम्बर को प्रारंभ हुए अखंड संकीर्तन का समापन आज अपराह्न 3:30 बजे पूज्य बाबा द्वारा पूजन के साथ हुआ।