मां गंगा को 71 मीटर लंबी चुनरी अर्पित, किया दुग्धाभिषेक


वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर काशीवासियों में हर्ष और उत्साह का माहौल है। आज सुबह से ही काशी में जगह-जगह विविध आयोजन किए जा रहे हैं। कार्यक्रमों की यह श्रृंखला आगामी 7 अक्टूबर तक चलती रहेगी। मोदी के जन्मदिन पर श्रीमती रत्ना देवी समाजसेवी ट्रस्ट और भाजपाजनों की ओर से दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा को 71 मीटर लंबी चुनरी चढ़ाई गई। इसके साथ ही 71 लीटर दूध से दुग्धाभिषेक किया गया। इस दौरान भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पूरा देश प्रगति पथ पर अग्रसर है। उनकी लंबी आयु और अच्छे स्वास्थ्य के लिए हम सभी ने बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से प्रार्थना की है। वहीं आठों विधानसभा क्षेत्रों में 71-71 किलो लड्डू का वितरण किया जा रहा है। 71 बटुकों ने किया षोडशोपचार पूजन: प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर शुक्रवार की सुबह वाराणसी स्थित अहिल्याबाई घाट पर पंडित उदित नारायण मिश्र के आचार्यत्व में 71 बटुकों ने मां गंगा का षोडशोपचार पूजन किया। इस दौरान राज्य मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी, भाजपा महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, विशाल औढ़ेकर, विनय यादव, विकास महाराज, डॉ.नीरज पांडेय, बाबू महाराज, वेदमूर्ति शास्त्री, सुनील शर्मा, तरुण शास्त्री, शिवदत्त द्विवेदी, प्रकाश गुप्ता आदि रहे।