जौनपुर में पुलिस से मुठभेड़ में बनारस का इनामी गिरफ्तार


जौनपुर। केराकत कोतवाली क्षेत्र के थानागद्दी क्षेत्र के खर्गसेनपुर नहर पुलिया के पास बुधवार की देर रात लगभग सवा दो बजे पुलिस व बदमाशों में मुठभेड़ हो गई। इसमें दो बदमाश गिरफ्तार कर लिए गए। वहीं एक दारोगा भी घायल हो गए। पुलिस के अनुसार देर रात चार बदमाश जलालपुर की तरफ से थानागद्दी के तरफ भाग रहे थे। जलालपुर पुलिस पीछा कर रही थी। सूचना मिलने पर थाना केराकत और चन्दवक की पुलिस भी घेराबंदी कर ली। तभी खर्गसेनपुर नहर की पुलिया के पास बदमाश अपने को घिरता देख सोहनी गांव की तरफ नहर के रास्ते भागने लगे। इस दौरान पुलिस व बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। केराकत सीओ अजय श्रीवास्तव ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान चार की संख्या में बदमाश रहे। जिनमे से दो पुलिस पर फायर करते हुए भाग गए जबकि दो बदमाश असलहों व बाइक के साथ पकड़ लिए गए। जिसमें से एक बदमाश के पैर में गोली लगी। घायल होकर गिर पड़ा। दोनों बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में थाना जलालपुर के एसआई संजय सिंह भी हाथ में गोली लगने से घायल हो गये। पुलिस ने घायल एसआई और बदमाश को केराकत सामुदायिक अस्पताल भेजवाया।
घायल होने वाला बदमाश अश्विनी सिंह उर्फ रिंकू सिंह निवासी चक्के रामपुर पराऊगंज है, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इसके साथ गिरफ्तार बदमाश सोनू सिंह उर्फ धर्मेंद्र सिंह निवासी गद्दोपुर थाना जंसा वाराणसी का रहने वाला है। जो दस हजार का इनामियां है। फरार बदमाश मुलायम यादव जंसा वाराणसी का है जो 20 हजार का इनामिया है, दूसरा फरार होने वाला बदमाश नीरज सिंह दुर्गागंज भदोही दस हजार का इनामी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि अभी बदमाशों की क्राइम हिस्ट्री के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।