भाजपा प्रत्याशी ही बनेगा जंगीपुर का सरताज


गाजीपुर (काशीवार्ता)। भाजपा के बिरनो ब्लाक प्रमुख राजन सिंह ने जंगीपुर विधानसभा में विरोधियों को खुली चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि 2022 में भाजपा का ही प्रत्याशी यहां से विधायक बनेगा। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी ने टिकट दिया तो यह सीट जीतकर महाराज जी को समर्पित करूंगा। राजन सिंह के इस बयान के बाद जंगीपुर की सियासत एक बार फिर गरम हो गई है।
बतादें कि बसपा को छोड़कर अभी तक जंगीपुर विधानसभा से किसी पार्टी ने अपना उम्मीदवार नहीं उतारा है। बीते 18 दिसंबर को बसपा ने भड़सर में कार्यक्रम आयोजित करके भाजपा चेयरमैन सपना सिंह के जेठ डा. मुकेश सिंह को पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया था। इसके बाद मुकेश तेजी से प्रचार अभियान शुरू कर दिए। इधर सैदपुर ग्रुप के सिंडिकेट से अलग होने वाले राजन सिंह ने पिछले दिनों 100 लोगों को ब्रांडेड कंबल वितरण कर चर्चा में आ गए है। बातचीत में कहा कि जंगीपुर की सीट भाजपा के लिए महत्वपूर्ण है। इस सीट पर इस बार पार्टी का खाता खुलना तय है। बिरनो की सियासत में धमाकेदार इंट्री करने वाले राजन सिंह सीधे तौर पर एक तरह से विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटे हुए हैं। उनका रोजाना कार्यक्रम लग रहा है। रूस के मास्को से इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल करने वाले राजन सिंह का सपना है कि एक बार उन्हें पार्टी जंगीपुर विधानसभा से मौका दे। ताकि वह यहां की बदहाली को दूर कर सकें। भाजपा एमएलसी विशाल सिंह चंचल के करीबी एवं रिश्तेदार बिरनो ब्लाक प्रमुख राजन सिंह जिले की राजनीति में इस समय चर्चा का विषय बने हुए हैं। अगर उन्हें भाजपा ने टिकट दिया तो जंगीपुर का चुनाव बेहद दिलचस्प दौर से गुजरेगा।
जंगीपुर में चल रही बसपा की लहर
गाजीपुर। जंगीपुर से बसपा प्रत्याशी एवं चेयरमैन सपना सिंह के जेठ डा. मुकेश सिंह ने बातचीत में बताया कि भाजपा जंगीपुर से किसी को टिकट दे दे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। यहां से बसपा ही चुनाव जीतेगी। सवर्ण समाज के साथ ही राजपूत समाज चाहता है कि राजपूत ही यहां से विधायक निर्वाचित हो। यहां पर बसपा की लहर चल रही है।