उपचुनाव के लिए भाजपा ने जारी की उम्मीदवारों की सूची, आजमगढ़ से दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ का टिकट


भाजपा ने पांच राज्यों में होने वाले उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। इन पांच राज्यों में उत्तर प्रदेश भी शामिल है जहां रामपुर और आजमगढ़ में लोकसभा के लिए उपचुनाव होने हैं। इसके अलावा भाजपा की ओर से त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश, दिल्ली और झारखंड के लिए भी उम्मीदवारों की घोषणा की गई है। त्रिपुरा, झारखंड, आंध्र प्रदेश और दिल्ली में विधानसभा के उपचुनाव होने है। भाजपा ने आजमगढ़ से दिनेश लाल यादव निरहुआ को अपना उम्मीदवार बनाया है। जबकि रामपुर से घनश्याम लोधी को चुनावी मैदान में उतारा है। आपको बता दें कि रामपुर से आजम खान और आजमगढ़ से अखिलेश यादव के इस्तीफा देने के बाद यह सीटें खाली हुई है। आजमगढ़ से अखिलेश यादव ने सुशील आनंद को समाजवादी पार्टी का उम्मीदवार बनाया है जबकि बसपा ने वहां से गुड्डू जमाली को उतारा है।

वहीं विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा ने त्रिपुरा की 4 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। टाउन बोरदोवली से मुख्यमंत्री प्रोफेसर डॉ माणिक शाह उम्मीदवार होंगे। अगरतला से डॉक्टर अशोक सिन्हा उम्मीदवार होंगे। सुरमा से श्रीमती स्वपन दास पॉल को उम्मीदवार बनाया गया है जबकि जुबराज नगर से श्रीमती मलिना देबनाथ उम्मीदवार होंगी। वहीं आंध्र प्रदेश के आत्मकूर से गुंदमपल्ली भरत कुमार यादव को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं झारखंड के मंदर से गंगोत्री कुजूर उम्मीदवार होंगी। दिल्ली के राजेंद्र नगर सीट पर भी उपचुनाव होने हैं। यहां से भाजपा ने राजेश भाटिया को टिकट दिया है। यह सीट राघव चड्ढा के राज्यसभा सांसद बनने के बाद खाली हुई है। 

आपको बता दें कि देश के छह राज्यों में तीन लोकसभा और सात विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव 23 जून को होंगे। लोकसभा सीटों में उत्तर प्रदेश की आजमगढ़ और रामपुर हैं जो क्रमश: समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव और मोहम्मद आजम खान के विधानसभा चुनाव जीतने के बाद खाली हुई हैं। एक लोकसभा सीट पंजाब के संगरूर की है जिसे भगवंत मान ने राज्य का मुख्यमंत्री बनने के बाद छोड़ा है। निर्वाचन आयोग ने एक बयान में कहा कि मतगणना 26 जून को होगी और उपचुनाव के लिए अधिसूचना 30 मई को जारी की जाएगी।