मेरे आंगन में हुई सीओ की हत्या


लखनऊ। पूरे देश को हिलाकर रख देने वाले कानपुर एनकाउंटर में विकास दुबे के साथी शशिकांत पांडेय ने कई बड़े खुलासे किए हैं। 50 हजार के इनामी बदमाश शशिकांत को पुलिस ने कल गिरफ्तार किया था। शशिकांत ने अपने कबूलनामे में बताया कि विकास दुबे के हुक्म पर पुलिसवालों पर गोलियां बरसाई गईं। मेरे आंगन में सीओ देवेंद्र मिश्र की हत्या हुई। मेरे घर के दरवाजे पर दो दारोगा की हत्या की गई। दारोगा मदद मांग रहे थे, लेकिन हमने दरवाजा नहीं खोला। अगर हम दरवाजा खोलते तो विकास दुबे हमें मार डालता।” शशिकांत ने पुलिस को बताया कि विकास दुबे ने पुलिसबल पर जबर्दस्ती गोली चलवाई। शशिकांत ने अपने कबूलनामे में बताया, “विकास ने कहा था कि गोली नहीं चलाओगे तो मार डालूंगा। विकास दुबे ने हर हाल में पुलिसवालों को मारने का आदेश दिया था। विकास दुबे समेत करीब 10 लोगों ने पुलिस वालों पर फायरिंग की थी। पुलिसबल पर हमले के लिए विकास दुबे ने सबको फोन करके बुलाया था।”

शशिकांत की पत्नी का नया आॅडियो आया सामने
कानपुर। इनामी शशिकांत की पत्नी का एक और आॅडियो क्लिप सामने आया है। इस आॅडियो क्लिप में शशिकांत की पत्नी मनु अपने भाई से बात कर रही है। आॅडियो क्लिप में मनु बार-बार पुलिस की जांच से बचने के लिए मोबाइल को ठिकाने लगाने की बात कर रही है। आॅडियो क्लिप में आरोपी शशिकांत की पत्नी मनु अपने भाई से कहती है कि सब लोग यह नंबर डिलिट कर दो। मनु पुलिस को गुमराह करने की बात कर रही है। मनु अपने भाई से कहती है कि कल्लू गिरफ्तार हो गया है, सिम तोड़ने की कोशिश की, लेकिन मोबाइल नहीं खुल रहा है। तुम लोग ये नंबर डिलिट कर दो।
‘हेलो भाभी! 3 लोग मरे पड़े हैं, पुलिस वाले हैं, विकास भैया ने मारा है’।।।वायरल आॅडियो
शशिकांत की पत्नी मनु अपने भाई से कहती है कि अगर पुलिस वाले पूछताछ करे तो एक बार खांस देना। जिसके पास भी यह नंबर है डिलिट कर दो। मोबाइल खोल नहीं पा रही हूं। मोबाइल को जमीन में गाड़ने जा रही हूं। मेरा सब नंबर डिलिट कर दो। सिम तोड़कर हम चबा गए हैं।