डा. संगीता को मंत्री बनाकर पिछड़ों को साधेगी भाजपा


गाजीपुर (काशीवार्ता)। सदर विधायक डा. संगीता बलवंत योगी सरकार के होने वाले आगामी विस्तार में मंत्री बनेंगी। इसको लेकर सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। अब सवाल उठता है कि योगी मंत्रिमंडल के गठन के दौरान ही संगीता को मंत्री बनाने की चर्चा थी। सूची में नाम भी शामिल था। लेकिन वह शपथ के लिए नहीं बुलाएंगी। एक फिर उनके मंत्री बनने की चर्चा है। एलएलबी और पीएचडी जैसी डिग्री हासिल करने वाली संगीता अगर मंत्री बनती हैं बिंद और मल्लाह के साथ ही अन्य पिछड़ी जातियों को एकजुट करने में आसानी होगी। सियासी पंडित कहते हैं कि भाजपा सरकार में कब क्या होगा, किसी को इसका अंदाजा नहीं लगता। संगीता बलवंत के सियासी कैरियर पर नजर दौड़ाएं तो उन्होंने छात्र राजनीति से सियासत में कदम रखा था। 2005 में ही वह जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित हुई। साहित्य लेखन में रूचि रखने वाली संगीता बलवंत की कई पुस्तकें भी प्रकाशित हो चुकी हैं। संगीता बलवंत बताती हैं कि जब मैं कक्षा 11 में पढ़ती थी तब मैं छात्रसंघ वाइस प्रेसिडेंट चुनी गई थी। उन्होंने बताया कि बाल्यावस्था से ही मेरे मन में यह भाव था कि महिलाएं राजनीति में आएंगी, तभी महिलाओं और देश का विकास होगा। 2017 के विधानसभा चुनाव में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं जम्मू के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के प्रस्ताव पर भाजपा ने टिकट दिया। पहली बार भाजपा से टिकट मिला तो उन्होंने पार्टी को निराशा नहीं किया और सदर से विधायक निर्वाचित होकर सपा के राजेश कुशवाहा को धूल चटा दीं। वह क्षेत्र का विकास भी कर रही हैं। उन्हें दो वर्ष पहले एमआईटी भारतीय छात्र संसद द्वारा पूरे हिंदुस्तान में 16 विधायकों में आदर्श युवा विधायक का सम्मान दिया गया। जिसमें प्रथम नंबर पर उत्तर प्रदेश के सदर विधायक के रूप में संगीता बलवंत का चयन किया गया। विधायक संगीता बलवंत मंत्री बनाने की चर्चाओं पर कहती हैं कि यह सब पार्टी का विषय है। पार्टी जो सम्मान देगी, उस पर खरे उतरने की कोशिश करूंगी। उधर जमानियां की भाजपा विधायक सुनीता सिंह को उनके समर्थक मंत्री बनाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि विधायक ने सपा के कद्दावर नेता को हराकर इतिहास रचा था। इसलिए मुख्यमंत्री को सुनीता सिंह के भी नाम पर विचार करना चाहिए। विधायक अलका राय के भी समर्थक चाहते हैं कि उन्हें भी मंत्रिमंडल में जगह मिले। उम्मीद की जा रही है कि इस सप्ताह के अंत में योगी मंत्रिमंडल विस्तार होगा। किसी की किस्मत चमकेगी तो कइयों को संगठन की जिम्मेदारी दी जाएगी।