डाला छठ : भगवान भाष्कर को अर्घ्य देने उमड़ा व्रती महिलाओं का सैलाब


गाजीपुर (काशीवार्ता)। जिले में डाला छठ का महापर्व गुरूवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद धूमधाम से संपन्न हो गया। इस दौरान गंगा घाटों एवं तालाबों के किनारे आस्था का महासैलाब उमड़ पड़ा। महिलाओं ने जहां बुधवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया वहीं सुबह उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के लिए घंटों पानी में खड़े होकर अपने परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। घाटों पर उत्सव जैसा माहौल था।

सुरक्षा के लिहाजा से घाटों पर महिला सिपाहियों की भी तैनाती की गई थी। डीएम एसपी ने भी गंगा घाटों पर सुरक्षा का जायजा लिया। जमानियां विधायक सुनीता सिंह ने भी गहमर के नरवरघाट पर व्रत रखकर जमानियां की खुशहाली के लिए प्रार्थना किया। देवकली आस पास क्षेत्रों में डाला छठ पर्व के अवसर पर बुधवार की शाम डूबते सूर्य को अर्ध्य दने के लिए गांगी नदी के तटवर्ती क्षेत्र देवकली, तरांव, बासूचक, सोन्हुली, भितरी, आगापुर, महमूदपुर हथिनी, बासूपुर, खोजनपुर, राजनपुर, बरहपुर, नैसारा, माउपारा आदि गांवों में काफी भीड़ भाड़ रही। इसी क्रम में गंगा नदी के तटवर्ती क्षेत्र रामपुर माझा, दुवैठा, चकेरी, देवचंदपुर, मंझरियां, तुर्कही, फूलवारी, मीरपुर तिरवाह, मठखन्ना, सरौली आदि गांवों में भीड़ से मेला सा दृश्य बन गया। यह पर्व ग्रामीण अंचलों में तेजी के साथ प्रतिवर्ष बढ़ रहा है। क्षेत्र के अनेक गांव से महिलाएं घर से निकल कर गंगा नदी के किनारे तथा अपने गांव के अगल बगल तालाबों और पोखरो पर बुधवार को भगवान सूर्य को संध्या बेला पर प्रथम अर्घ्य दिया।

वही कर्मनाशा स्थित भतौरा, सायर, राजमल बांध आदि गांवों में छठ हर्षोल्लास से मनाया गया। गहमर नरवा घाट पर जमानियां विधायक सुनीता सिंह ने भी आस्था के पर्व छठ पर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान सुरक्षा को देखते हुए सभी घाटों पर पर्याप्त पुलिसकर्मी मौजूद रहे। गहमर कोतवाल त्रिवेणी लाल सेन थाना क्षेत्र के सभी घाटों पर अपने हमराहियों के साथ चक्रमण करते दिखे।