पुलिस के फंदे में आए पूर्व एमएलसी प्रत्याशी


गाजीपुर (काशीवार्ता)।गहमर थाना क्षेत्र के बिहार यूपी बार्डर पर स्थित देवल पुलिया से शुक्रवार की शाम को भाजपा नेता एवं उनके परिवार पर हमला करने वाले सपा समर्थित एमएलसी निर्दल उम्मीदवार रहे मदन सिंह यादव को सुहवल पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। वह बिहार भागने की फिराक में थे। उनकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस कई दिनों से फिराक में थी। शनिवार को न्यायालय में पेशी के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। इसकी सियासी जगत में खूब चर्चा रही। पुलिस के अनुसार अधियारा गांव निवासी जय प्रकाश कुशवाहा भाजपा सुहवल मंडल के शक्ति केंद्र के संयोजक हैं। इनकी पत्नी सरिता कुशवाहा भाजपा मंडल सुहवल की मंत्री है। आरोप है कि 11 नवम्बर की रात्रि में पति-पत्नी परिवार के साथ रात में घर पर थे। आरोप है कि इसी दौरान ग्राम प्रधान मदन सिंह यादव अपने समर्थकों के साथ राड, लाठी-डंडा और ईट-पत्थर से लैस होकर पहुंचे और हमला कर दिया। इस घटना में जय प्रकाश कुशवाहा, उनकी पत्नी सरिता कुशवाहा, भाई ओमप्रकाश कुशवाहा, बहन सुमन, मां भगवती देवी और पिता राजेंद्र कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने ओमप्रकाश सिंह कुशवाहा की गंभीर हालत देखते हुए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। घायल जयप्रकाश कुशवाहा की तहरीर पर पुलिस ने ग्राम प्रधान मदन यादव सहित उसके 12 समर्थकों पर नामजद और दस अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्जकर छानबीन शुरू कर दी। इस मामले में ग्राम प्रधान मदन सिंह यादव के अलावा 11 अन्य के खिलाफ 147, 323, 336, 504, 506, 452, 354 व 307 में मुकदमा पंजीकृत था। इस मुकदमे में पुलिस की नजरों से फरार चल रहे वांछित अभियुक्त मदन सिंह यादव पुत्र राम अशीष सिंह यादव निवासी ग्राम अधियरा थाना सुहवल को प्रभारी निरीक्षक थाना सुहवल व स्वाट टीम गाजीपुर के संयुक्त प्रयास से सांय 4.35 बजे पकड़ी। एसपी ओमवीर सिंह न बताया कि कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।