गंगा उफान पर, बाढ़ का खतरा फिर बढ़ा


वाराणसी(काशीवार्ता)। पहाड़ी इलाकों व प्रदेश के प्राय: सभी जिलों में हो रही भारी बारिश से सहायक नदियों में पानी आने के कारण गंगा का जलस्तर फिर बढ़ने लगा है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार गंगा का जलस्तर पांच सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बढ़ रहा है। पूर्वाह्न 11 बजे तक गंगा का जलस्तर 65.28 सेंटीमीटर रिकार्ड किया गया। गंगा के जलस्तर में एक बार फिर हो रही वृद्धि से गंगा, वरूणा व असि नदि के तटवर्ती इलाकों में बाढ़ का खतरा फिर उत्पन्न हो गया है। वरूणा नदी में तो पानी बढ़ने लगा है जिसके कारण पुलकोहना, अलईपुरा, शैलपुत्री क्षेत्र के निचले इलाकों में पुन: बाढ़ का पानी पहुंचने की प्रबल संभावना आशंका बन गई है, साथ ही गंगा में पानी बढ़ने से सामने घाट, मारूतिनगर, गंगोत्री विहार कालोनी, मदवां, गढ़वाघाट के तटवर्ती क्षेत्रों में भी बाढ़ का खतरा सम्भावित है। बाढ़ की आशंका को देखते हुए गंगा, वरूणा व असि नदी किनारे रहने वाले लोग एक बार फिर अपनी गृहस्थी हटाने लगे हंै तो कुछ लोग बाढ़ से बचने के लिए नया ठौर भी तलाश रहे हैं। वहीं कुछ लोग अपने जानवरों को लेकर काफी चिंतित दिखायी दे रहे थे।
प्रशासन हुआ अलर्ट: बाढ़ की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने एनडीआरएफ, जल पुलिस व घाट के नाविकों को हर समय अलर्ट रहने का निर्देश दिया है।